डिजिटल जनगणना के तहत मकान सूचीकरण कार्य के नज़री नक्शे तैयार करने में जुटे प्रगणक एवं पर्यवेक्षक

राजस्थान/बाड़मेर- डिजिटल जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत सिवाना तहसील में मकान सूचीकरण कार्य प्रारंभ हो गया है। इस चरण में धरातल पर वास्तविक नज़री नक्शों के निर्माण का कार्य तेजी से किया जा रहा है। चार्ज अधिकारी रायचंद देवासी ने बताया कि सभी प्रगणक एवं पर्यवेक्षक 14 जून तक घर-घर जाकर फील्ड कार्य पूर्ण करेंगे। प्रारंभिक तीन दिनों में प्रगणक अपने-अपने पर्यवेक्षकों के मार्गदर्शन में निर्धारित क्षेत्रों में पहुंचकर सैटेलाइट मैप के माध्यम से मकान सूचीकरण ब्लॉकों का वास्तविक नज़री नक्शा तैयार कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि जनगणना कार्य के दौरान ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में नागरिकों का अच्छा सहयोग मिल रहा है, जिससे प्रगणकों और पर्यवेक्षकों में कार्य के प्रति उत्साह देखने को मिल रहा है।

चार्ज अधिकारी रायचंद देवासी ने सिवाना तहसील की मोतीसरा ग्राम पंचायत का दौरा कर प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों द्वारा किए जा रहे जनगणना कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जनगणना कार्य को पूरी गंभीरता एवं सावधानी के साथ संपादित करने के निर्देश देते हुए कार्मिकों को सकारात्मक मार्गदर्शन प्रदान कर प्रोत्साहित किया।

— राजस्थान से राजूचारण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *