कलयुगी बेटे ने शराब के नशे मे पिता को डंडे से पीटा, ले ली जान

बरेली। नशे मे युवक ने अपनी बहन और पिता पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पीड़ित के शरीर पर कोई भी खुली चोट नहीं थी लेकिन गुम चोट होने की वजह से पुलिस ने आरोपित के पिता को मेडिकल के लिए भेजा। जहां कुछ ही समय मे उनकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट हुआ कि अंदरूनी चोट और अधिक रक्त स्राव की वजह से मौत हुई है। पुलिस का कहा कहना है कि मारपीट की प्राथमिकी को अब गैर इरादतन हत्या में तरमीम किया जाएगा। कैंट के कांधरपुर निवासी काशीराम डेयरी संचालित करते थे। उनका बेटा अमित आटो चलाकर परिवार का पालन पोषण करता है। आरोप है कि अमित शराब के नशे में घर वालों से झगड़ा करता था। बुधवार रात को भी आरोपित अमित जब घर आया तो किसी बात पर उसने स्वजन से गाली-गलौच करना शुरू कर दिया। यह देख समझाने आए पिता काशीराम ने जब उससे शांत होने को कहा तो अमित और भी उग्र हो गया। उसने डंडे से पिता काशीराम को पीटना शुरू कर दिया। यह देख अमित की बहन प्रीति बीच-बचाव करने आई तो आरोपित ने उसे भी पीटा। इसमें दोनों को गुम चोट लगी। प्रीति पिता को लेकर थाने पहुंची और आरोपित भाई अमित के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया। चूंकि कोई भी खुली चोट नही थी मगर फिर भी पुलिस ने उन्हें मेडिकल के लिए भेज दिया। मेडिकल के दौरान ही काशीराम की हालत बिगड़ गई और अस्पताल में ही उनकी मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया तो मौत का कारण स्पष्ट हुआ। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार काशीराम को हेमरेजिक शाक आया था। यानी सिर के अंदर अधिक रक्तस्राव होने की वजह से उसकी मौत हुई।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *