फरीदपुर, भुता, बरेली। जनपद के थाना भुता क्षेत्र के गांव बरुआ हुसैनपुर में प्रशासन ने अवैध खनन के खिलाफ अभियान चलाया। शुक्रवार देर रात करीब 11 बजे से शनिवार तड़के तक चली कार्रवाई के दौरान टीम ने एक जेसीबी और तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली को मौके से पकड़ लिया। टीम देखते ही चालक वाहन छोड़कर भागने लगे, लेकिन टीम ने दौड़ाकर उन्हें पकड़ लिया। चालक नशे की हालत में थे। सूचना पर भुता पुलिस मौके पर पहुंची और सभी वाहनों को कब्जे में ले लिया। ये लोग रात्रि में अवैध खनन का कारोबार कर खेतों को खोखला कर रहे हैं। इधर थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार ने बताया कि क्षेत्र में खनन करने वालों को किसी भी कीमत पर छोड़ा नही जाएगा। दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। वही फरीदपुर मे नायब तहसीलदार और उनकी टीम ने खनन माफिया की मिट्टी से भरी ट्राली को पकड़ कर सीज कर दिया है। शुक्रवार की रात शुभम पांडे को सूचना मिली कि खनन माफिया ट्रैक्टर-ट्राली में मिट्टी भरकर ला रहा है। उनकी टीम ने ओम रेजिडेंसी कॉलोनी के सामने घेराबंदी करके मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्राली पकड़ ली। टीम को देखकर खनन माफिया भाग निकला। नायब तहसीलदार ने ट्रैक्टर ट्राली को सीज किया। ट्रैक्टर-ट्राली को पुलिस की सुपुर्दगी में दिया गया।।
बरेली से कपिल यादव
