खुद को एमबीबीएस बताकर युवक ने की शादी, दसवीं पास निकला दूल्हा, 11 लोगों पर मुकदमा दर्ज

मुरादाबाद, बरेली। जनपद बरेली के एक दसवीं पास युवक ने खुद को एम्स ऋषिकेश मे एमबीबीएस-एमएस बताकर युवती व परिजनों की आंखों मे धूल झोंककर शादी कर ली। शादी के चंद दिनों बाद ही नई नवेली दुल्हन को पता चला कि जिससे चिकित्सक समझकर शादी की है असल मे वह दसवीं पास है। हक्के-बक्के परिजनों ने आरोपी और परिजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। मझोला थाना क्षेत्र के लाइनपार निवासी युवती ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि मेट्रीमोनियल साइट के माध्यम से बरेली के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के प्रभातनगर निवासी युवक से उसकी शादी के संबंध मे बात हुई थी। उसने खुद को एम्स ऋषिकेश मे एमबीबीएस-एमएस डॉक्टर बताया। पीड़िता के अनुसार उसके पिता जब उस युवक से मिलने उत्तराखंड के ऋषिकेश स्थित एम्स मे गए तो वह अपने ही नाम के एक डॉक्टर की नेम प्लेट लगी एप्रेन पहन कर मिलने आया। इससे पीड़िता के पिता झांसे मे आ गए और उन्हें लगा कि युवक डॉक्टर ही है। इसके बाद पीड़िता के पिता और अन्य परिजन युवक के घर बरेली मे रिश्ता तय करने गए। वहां युवक, उसके माता-पिता, भाई, मौसी, मामा, मामी, बहन, जीजा और मौसा ने एक राय होकर झूठ बोला कि युवक एमबीबीएस-एमएस की पढ़ाई करने के बाद एम्स मे डॉक्टर है। बीते 21 अप्रैल को शादी करके युवती युवक के घर पहुंची तो पता चला कि युवक केवल दसवीं पास है। आरोप है कि सभी ने युवक की फर्जी डिग्रियां भी दिखाई। जिसके बाद पीड़िता के पिता और परिजनों को विश्वास हो गया कि युवक डॉक्टर ही है। शादी मे करीब 13 लाख रुपये खर्च किये गए। पीड़िता के अनुसार बीते 9 मई को उसे पता चला कि उसके साथ बहुत बड़ा धोखा हुआ है। खुद को डॉक्टर बताने वाला उसका पति डॉक्टर नही है। वह केवल दसवीं पास है। पीड़िता के अनुसार उसने पति से कहा कि तुमने झूठ क्यों बोला तो वह गाली गलौज कर मारपीट करने लगा। आरोप है कि उसने पीड़िता के साथ जबरन दुष्कर्म किया। जिसके बाद पीड़िता किसी तरह वहां से अपने मायके पहुंची और पुलिस को तहरीर दी। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह का कहना है कि पीड़िता की तहरीर पर बरेली निवासी आरोपी युवक, उसके माता-पिता, भाई-बहन समेत 11 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी, धमकी देने और दुष्कर्म की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। जांच मे जो भी तथ्य सामने आएगा उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *