बरेली। जनपद के थाना बारादरी क्षेत्र के संजयनगर मे सोमवार रात डीजे संचालक अर्जुन मौर्य की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद परिजनों ने मंगलवार को पोस्टमॉर्टम हाउस के बाहर हंगामा किया। परिजनों ने सड़क पर जाम लगाकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और एनकाउंटर करने की मांग की। हंगामे के कारण आधे घंटे तक सड़क पर यातायात बाधित रहा। सूचना मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और परिजनों को शांत कराया। पुलिस अफसरों ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन सड़क से हटे और यातायात सुचारू हो सका। पुलिस ने कहा है कि आरोपियों की तलाश जल्द की जाएगी। गोसाई गौटिया निवासी अर्जुन मौर्य डेलापीर स्थित एक बारातघर से काम खत्म कर घर लौट रहे थे। रास्ते में घात लगाए हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और सिर में गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक अर्जुन की मौत हो चुकी थी। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। मृतक के पिता ने तीन आरोपियों के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मंगलवार सुबह परिजन और रिश्तेदार पोस्टमॉर्टम हाउस के बाहर जमा हो गए। परिजनों ने सड़क पर जाम लगाकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और एनकाउंटर की मांग की। परिजनों के अनुसार, इकलौता बेटा अर्जुन परिवार की जिम्मेदारियों में हाथ बंटाता था। पिता राकेश मौर्य बार-बार यही कह रहे थे कि उनका जवान बेटा उनसे छीन लिया गया। अर्जुन के पिता राकेश मौर्य राष्ट्रीय हिंदू महासभा (भारत) के जिला सचिव भी है। एसपी मानुष पारीक ने बताया कि अर्जुन की हत्या के मामले में परिवार ने कुछ लोगों के नाम बताए हैं, जिनके घर दबिश दी जा रही है। आसपास के सीसी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही राजफाश किया जाएगा। अर्जुन के पिता राकेश मौर्य की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। उन्होंने आरोपी कुश, अर्पित और कपिल को नामजद कराया है। इनके कुछ और सहयोगी साथ होने का भी अंदेशा जताया है। आरोपियों के घर अर्जुन के घर के आसपास हैं और यह लोग भी बरातघर व डीजे के काम से जुड़े हुए है।।
बरेली से कपिल यादव
