बरेली। डीएम अविनाश सिंह की सख्ती के बाद एनएचएआई ने आखिरकार चौपुला फ्लाईओवर का काम समय से पहले पूरा कर लिया। बुधवार को जिलाधिकारी ने इसका जायजा लिया और पुल को आवागमन के लिए 17 जून को खोलने के निर्देश दिए। चौपुला फ्लाईओवर की मरम्मत 12 मई को शुरू हुई थी। काम को पूरा करने के लिए एनएचएआई ने 40 दिन का समय लिया था, लेकिन काम शुरू होने के कुछ दिन बाद ही सुस्ती दिखने लगी। इस पर एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खां ने जिलाधिकारी से शिकायत की थी। कहा था कि यदि इसी तरह काम हुआ तो यह समय पर पूरा नहीं होगा। इस बीच वाहन सवारों को सुभाषनगर पुलिया से गुजारा जा रहा था। वाहनों की संख्या ज्यादा होने के कारण जाम की समस्या भी उत्पन्न हो रही थी। इस पर डीएम ने दो बार एनएचएआई के अफसरों को कार्यालय में तलब किया और काम में तेजी लाने के निर्देश दिए थे। इसी का असर रहा कि 22 जून को पूरा होने वाला काम 10 जून को ही हो गया। एनएचएआई ने 16 जून तक का समय कंक्रीट सूखने व फिनिशिंग के लिए मांगा है। 17 जून को पुल को आमजन के लिए खोल दिया जाएगा।।
बरेली से कपिल यादव
