28 व 29 जून को बरेली आ सकते हैं मुख्यमंत्री, व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश

बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 28 या 29 जून को बरेली आ सकते हैं। सोमवार को संभावित दौरे की सूचना आते ही प्रशासनिक अमला तैयारी में जुट गया। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री इस बार जनसभा नहीं करेंगे। सर्किट हाउस में लोक निर्माण विभाग की मंडलीय समीक्षा बैठक होगी। हालांकि एक चर्चा यह भी है कि दौरा इससे पूर्व भी हो सकता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बरेली दौरे की चर्चा लंबे समय से चल रही है। अभी तक इसकी तारीख तय नहीं हो पाई है। सोमवार को लखनऊ से सूचना आई कि मुख्यमंत्री 28 या 29 जून को बरेली आ सकते हैं। संभावित कार्यक्रम के अनुसार बरेली में इस बार जनसभा करने की योजना नहीं है। जनसभा पीलीभीत में होगी। मुख्यमंत्री लगभग 12 बजे बरेली पहुंचेगे। बरेली पहुंचने के बाद मंडलीय समीक्षा बैठक करेंगे। समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री लंच लेंगे। उसके बाद जिला स्तरीय समीक्षा बैठक होगी। सूचना मिलते ही प्रशासन के साथ ही पुलिस, बीडीए, लोक निर्माण विभाग, नगर निगम आदि के अधिकारी सर्किट हाउस पहुंच गए। सर्किट हाउस में डीएम अविनाश सिंह ने अधिकारियों के साथ बैठक कर सभी को जिम्मेदारी बांटी। समीक्षा बैठक के मद्देनजर सर्किट हाउस सभागार को बारीकी से देखा गया। सभागार में बड़ी स्क्रीन, माइक, पर्दों, बिजली आदि की व्यवस्था दुरुस्त कराने के तत्काल निर्देश दिए गए। सर्किट हाउस सभागार के पास नए टाइल भी लगाए जाएंगे। बाकी पुराने टाइलों के साथ ही सर्किट हाउस का भी रंग-रोगन होगा। मच्छरों से निपटने के लिए नगर निगम को तत्काल फॉगिंग का आदेश दिया गया। सफाई का विशेष ध्यान रखने को कहा गया। बताया जा रहा है कि जनसभा नहीं होने के बाद भी मुख्यमंत्री राम वाटिका का उद्घाटन करेंगे। चर्चा है कि रामपुर से मुख्यमंत्री सीधे राम वाटिका पहुंचेंगे। राम वाटिका का भ्रमण कर उद्घाटन करेंगे। उसके बाद समीक्षा बैठक के लिए सर्किट हाउस आएंगे। हालांकि एक चर्चा यह भी है कि बरेली के अधिकारी मुख्यमंत्री की जनसभा के लिए भी प्रयासरत है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *