भाकियू ने उठाई किसानों की समस्याएं, आंदोलन की दी चेतावनी

बरेली। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंच कर किसानों की समस्याओं को लेकर जमकर नारेबाजी की। जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन अपर सिटी मजिस्ट्रेट सेकेंड विजय सिंह को सौंपकर समाधान की मांग की। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का निस्तारण नहीं हुआ तो जिला मुख्यालय पर बड़ा धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। ज्ञापन में कहा गया है कि किसान अंश निर्धारण की समस्या से जूझ रहे है। जिसका तत्काल समाधान कराया जाए। इसके अलावा फार्मर रजिस्ट्री में हो रही त्रुटियां, डीएपी और यूरिया की उपलब्धता में दिक्कत, उर्वरकों की कमी, मक्का फसल का न्यूनतम समर्थन मूल्य, बिजली के बढ़े बिल और नहरों में पानी न आने जैसी समस्याएं उठाई। फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के ग्राम रसूला चौधरी मे निर्माणाधीन रिंग रोड परियोजना का भी मुद्दा उठाया। किसानों का आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान आवागमन के रास्ते बाधित हो गए हैं, जिससे हजारों बीघा कृषि भूमि तक पहुंचने में दिक्कत हो रही है और कई गांवों के रास्ते बंद हो गए हैं। ग्राम पंचायत हाउसपुर में किसानों पर लेखपाल द्वारा कथित रूप से फर्जी धारा 122 के मुकदमे दर्ज किए जाने का आरोप लगाया गया। मारपीट और धमकी देने का आरोप : एक अन्य ज्ञापन मे कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भोजीपुरा में तैनात कुछ कर्मचारियों की शिकायत करने पर 15 अप्रैल को डॉक्टर अपने साथियों के साथ भोजीपुरा क्षेत्र के निवासी फूल सिंह राजपूत के घर पहुंचे और मारपीट की। पुलिस ने मेडिकल कराने के बावजूद रिपोर्ट दर्ज नहीं की। यूनियन ने एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *