23 केंद्रों पर हुई यूपीएससी परीक्षा, संशोधित-सामान्य अध्ययन के सवालों में फंसे अभ्यर्थी

बरेली। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की प्रारंभिक परीक्षा रविवार को जनपद के 23 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित की गई। परीक्षा में कुल 9161 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। पहली पाली में 6053 और दूसरी पाली में 6003 अभ्यर्थी उपस्थित रहे। परीक्षार्थियों ने सामान्य अध्ययन के पेपर को अपेक्षाकृत कठिन बताया। रविवार को दो पाली में सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा हुई। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक और दूसरी पाली 2:30 बजे से 4:30 बजे तक हुई। सुबह की पाली खत्म होने के बाद परीक्षा केंद्रों से बाहर निकले अभ्यर्थियों ने प्रश्नपत्र को मुश्किल बताया। अभ्यर्थियों के मुताबिक इस बार अधिकांश प्रश्न सीधे न पूछकर गहराई से पूछे गए थे, जिससे उत्तर चुनने में काफी समय लगा। परीक्षार्थियों ने बताया कि इतिहास, राजनीति, पर्यावरण और अर्थव्यवस्था से जुड़े प्रश्नों में अवधारणात्मक समझ की जांच की गई। करंट अफेयर्स के सवाल भी सामान्य घटनाओं तक सीमित न रहकर उनके व्यापक प्रभाव और पृष्ठभूमि से जुड़े हुए थे। कई अभ्यर्थियों ने कहा कि प्रश्नपत्र में तथ्यों के साथ विश्लेषणात्मक क्षमता पर अधिक जोर दिखाई दिया। बरेली कॉलेज में नेटवर्क की दिक्कत के कारण मोबाइल से स्क्रीनिंग करने में काफी दिक्कत हुए। गर्मी में छात्रों को खड़ा होना पड़ा। सभी केंद्रों की सीसीटीवी से निगरानी की गई। आला अधिकारी लगातार केंद्रों का निरीक्षण करते रहे। पहला पेपर सामान्य अध्ययन और दूसरा सीसैट का हुआ। दोनों की ही अभ्यर्थियों ने कठिन बताया। सवाल काफी घुमावदार थे। सामान्य अध्ययन के पेपर में प्रश्नों का पैटर्न चेंज किया गया था। दोपहर के समय अभ्यर्थी भीषण गर्मी से भी परेशान रहे। पहली पाली में 3108 और दूसरी में 3158 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। पहली बार परीक्षा समाप्त होने के तुरंत बाद अस्थायी उत्तर कुंजी जारी कर दी गई, जिस पर उम्मीदवार 31 मई 2026 शाम 6:00 बजे तक ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करा सकेंगे। प्रारंभिक परीक्षा में सफल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए मुख्य परीक्षा का आयोजन 21 अगस्त 2026 से शुरू होगा। परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही अभ्यर्थियों की भीड़ रही। प्रशासन की ओर से सुरक्षा और निगरानी के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की गहन जांच की गई। परीक्षा के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की भी तैनाती रही।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *