बरेली। जनपद के थाना कैंट क्षेत्र के गांव मिर्जापुर मे पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की कनपटी पर गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। घायल की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। कैंट थाना क्षेत्र के गांव मिर्जापुर निवासी ओम कुमारी ने पुलिस को बताया कि उनका 25 वर्षीय बेटा जयवीर शुक्रवार रात खाना खाने के बाद गांव में टहलने निकला था। आरोप है कि रात करीब साढ़े नौ से दस बजे के बीच गांव के प्राइमरी स्कूल के पीछे खेत पर पहले से घात लगाए बैठे सरवन, प्रेमपाल, सुनील उर्फ बब्लू, अंशु, दीपक और पंकज ने उसे घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान सरवन ने तमंचे से जयवीर की कनपटी पर गोली मार दी। गोली लगते ही वह मौके पर गिर पड़ा। ग्रामीणों और परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। परिजन घायल जयवीर को कई अस्पतालों में लेकर गए, लेकिन तीन अस्पतालों ने भर्ती करने से मना कर दिया। बाद में उसे रुहेलखंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस के मुताबिक उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। कैंट पुलिस ने ओम कुमारी की तहरीर पर सरवन, प्रेमपाल, सुनील उर्फ बब्लू, अंशु, दीपक और पंकज के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस जांच में सामने आया है कि घायल जयवीर और उसका चचेरा भाई राजकरण पहले आरोपियों के साथ क्रॉकरी और टेंट का कारोबार साझे में करते थे। बाद में साझेदारी टूट गई थी। इसके बाद ग्राहकों को लेकर दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया। पहले भी दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराए जा चुके हैं। पुलिस का कहना है कि घटना स्कूल के पीछे खेत में हुई, जहां सामान्य तौर पर कोई बिना उद्देश्य के नही जाता। प्रत्यक्षदर्शी भी सामने नही आया है। फिलहाल रंजिश के एंगल से मामले की जांच की जा रही है।।
बरेली से कपिल यादव
