बरेली। पुलिस लाइन और पीएसी मे चल रही 1183 रिक्रूट्स की ट्रेनिंग पूरी हो गई है। 26 अप्रैल को दोनों स्थानों पर पासिंग आउट परेड के बाद ये रिक्रूट्स पुलिस का हिस्सा बन जाएंगे। शुक्रवार को इसको लेकर फुल ड्रेस रिहर्सल किया गया। पुलिस लाइन में 26 अप्रैल को सुबह आठ बजे आयोजित होने वाली पासिंग आउट परेड में 783 महिला रिक्रूट्स शामिल होंगी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एडीजी बरेली जोन रमित शर्मा होंगे। इनमें बरेली की 291, रायबरेली की 214, फतेहगढ़ की 134, पीलीभीत की 125, कानपुर नगर की 14 और लखीमपुर की पांच रिक्रूट्स हैं। इस दौरान परेड की सलामी एसएसपी अनुराग आर्य ने ली। उनके साथ एसपी साउथ अंशिका वर्मा, एसपी नार्थ मुकेश चंद्र मिश्र, एसपी ट्रैफिक मो. अकमल खान समेत अन्य अफसर रहे। नकटिया स्थित पीएसी आठवीं वाहिनी में 400 पुरुष रिक्रूट्स की पासिंग आउट परेड आयोजित होगी। ये सभी रिक्रूट्स शाहजहांपुर के रहने वाले हैं। शुक्रवार को वहां भी फुल ड्रेस रिहर्सल हुआ। जिसमें परेड की सलामी कमांडेंट आकाश तोमर ने ली। पासिंग आउट कार्यक्रम मे पीएसी मुख्य अतिथि पुलिस हेड क्वार्टर के आईजी मोदक राजेश डी. राव होंगे। पासिंग आउट परेड के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी रिक्रूट्स को संबोधित करेंगे। इसके लिए परेड ग्राउंड पर बड़ी-बड़ी एलईडी लगाकर प्रदर्शन की व्यवस्था की गई है।।
बरेली से कपिल यादव
