बरेली। नारी वह शक्ति है जो सती के रूप में यमराज से अपने पति के प्राण वापस ले आई थी। रानी लक्ष्मीबाई के रूप में अपने दुधमुंहे बच्चे को पीठ में बांधकर अंग्रेजों से लड़ी थी। नारी शक्ति वंदन बिल पास नहीं करके विपक्ष ने उस नारी का माखौल उड़ाने का काम किया है। उन्हें आधी आबादी का श्राप लगेगा और भाजपा को आशीर्वाद मिलेगा। इन्वर्टिंस विश्वविद्यालय में शुक्रवार को आयोजित जन आक्रोश महिला सम्मेलन में यह बातें उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहीं। उन्होंने विपक्ष पर तीखा हमला बोला।डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को इन्वर्टिस यूनिवर्सिटी में जन-आक्रोश महिला सम्मेलन में विपक्ष पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने कहा कि संसद के विशेष सत्र मे देश की आधी आबादी को उनका अधिकार देने का ऐतिहासिक मौका था लेकिन विपक्ष ने इसका समर्थन नही किया। महिला विरोधी रुख अपनाने वाले दलों को जनता आने वाले चुनावों में सबक सिखाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा अब इस मुद्दे को हर बूथ तक लेकर जाएगी, जिससे विपक्ष का चेहरा उजागर हो सके। उन्होंने कहा कि यदि महिलाएं आशीर्वाद न दें तो सपा और कांग्रेस जैसे दलों का खाता भी नहीं खुलेगा। सरकार कई योजनाओं से महिलाओं का सशक्तीकरण करने में जुटी है, जबकि विपक्ष इसे कमजोर करने में लगा है। केशव प्रसाद ने कहा कि आज बरेली मे जिला पंचायत अध्यक्ष के रूप मे एक महिला नेतृत्व कर रही हैं। महिलाएं जिस भी क्षेत्र में अवसर पाती है। वहां उत्कृष्ट कार्य करती है लेकिन मुख्य बात है अवसर मिलना चाहिए और यह मौका भाजपा देगी। इस दौरान वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार ने कहा कि भाजपा महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देना चाहती थी लेकिन विपक्ष के कारण यह संभव नहीं हो पाया। मेयर उमेश गौतम ने कहा कि विपक्ष ने महिलाओं के सपनों को कुचलने का कार्य किया है। जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल ने कहा कि विपक्ष ने महिलाओं के साथ छल किया है। कार्यक्रम में क्षेत्रीय अध्यक्ष ब्रज प्रांत दुर्विजय शाक्य, महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना, जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा, वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार, सांसद छत्रपाल, महापौर डॉ. उमेश गौतम, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, एमएलसी कुंवर महाराज सिंह, विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा समेत अन्य उपस्थित रहे।।
बरेली से कपिल यादव
