तीन दिन तक परसाखेड़ा रोड पर नही जा सकेगा कोई वाहन

बरेली। उर्स ए ताजुश्शरिया और होमगार्ड परीक्षा के चलते बड़ी तदाद में जायरीन और अभ्यर्थी के आने के मद्देनजर एसपी ट्रैफिक ने 24 से 27 अप्रैल तक शहर में रूट डायवर्जन लागू किया है। इस दौरान कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। एसपी ट्रैफिक ने इस संबंध में एडवाइजरी जारी कर दी है। इस दौरान ट्रैफिक पुलिस ने इन मार्गों पर जाने से बचने की अपील की है। दिल्ली की ओर से बरेली आने वाले भारी वाहन बड़ा बाईपास होते हुए इंवर्टिस तिराहे से ट्रांसपोर्टनगर तक आ सकेंगे। वहीं जिन वाहनों को दिल्ली रोड से बदायूं की तरफ जाना है वे फरीदपुर से बुखारा मोड़ होते हुए बदायूं रोड पर निकाले जाएंगे। नैनीताल और पीलीभीत रोड से आने वाले वाहन बड़ा बाईपास से इंवर्टिस तिराहे होकर ट्रांसपोर्टनगर तक आ सकेंगे। वहीं बदायूं की तरफ जाने वाले वाहन बुखारा मोड़ से फरीदपुर होकर बड़ा बाईपास से दिल्ली, पीलीभीत और नैनीताल की ओर जा सकेंगे। इसके अलावा लखनऊ की तरफ से बरेली आने वाले भारी वाहन इन्वर्टिस तिराहे से ट्रांसपोर्टनगर तक आ सकेंगे। जायरीन और होमगार्ड परीक्षार्थियों की संख्या शहर में अधिक होगी, इसलिए रोडवेज बसों का संचालन पुराना रोडवेज बस स्टैंड से न होकर सेटेलाइट बस अड्डे से होगा। पुराना बस स्टैंड से संचालन बंद रहेगा। दिल्ली और रामपुर की तरफ से आने वाली रोडवेज बसें झुमका तिराहे से बिलवा होते हुए डेलापीर, 100 फुटा होकर सेटेलाइट बस स्टैंड तक आएंगी। इसी मार्ग से वापस जाएंगी। बरेली से बदायूं की तरफ जाने वाली रोडवेज बसें सेटेलाइट बस स्टैंड से इन्वर्टिस तिराहा फरीदपुर, बुखारा मोड़, रामगंगा तिराहा से जाएंगी, इसी मार्ग से वापस आएंगी। मिनी बाईपास और झुमका तिराहा मार्ग पर प्रतिबंध : रूट डायवर्जन के दौरान मिनी बाईपास और झुमका तिराहा मार्ग पर सभी प्रकार के चार पहिया वाहन, ऑटो, ई-रिक्शा, टेपों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। कोई भी वाहन मिनी बाईपास या झुमका तिराहे से मथुरपुर मदरसे की तरफ नहीं जा सकेगा। बरेली से रामपुर की ओर जाने वाले वाहन गांधी उद्यान से श्यामगंज पुल से डेलापीर होते हुए इज्जतनगर से बिलवा पुल से बड़ा बाईपास होकर जाएंगे। वहीं दिल्ली से आने वाले वाहन भी इसी रास्ते से होकर बरेली में प्रवेश करेंगे। इन मार्गों पर भी ई-रिक्शा ओर ऑटो प्रतिबंधित : ट्रैफिक पुलिस ने कई मार्गों पर ई-रिक्शा और ऑटो पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है। इस दौरान कुदेशिया अंडरपास से किला, अशोकनगर तिराहा और सूद धर्मकांटा से कोहाड़ापीर, श्यामगंज से पटेल चौक, चौकी चौराहा से पटेल चौक, चौकी चौराहे से चौपुला, साहू गोपीनाथ और मठ की चौकी से कुतुबखाना और बरेली कॉलेज से पटेल चौक की तरफ प्रतिबंधित रहेंगे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *