राजस्थान/बाड़मेर- बालोतरा जिले के अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान ने आज सिवाना स्थित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में नव नियुक्त पटवार कार्मिकों को दिए जा रहे प्रशिक्षण का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण ले रहे पटवारियों से संवाद कर उनकी जिज्ञासाओं एवं संदेहों का समाधान भी किया।
अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान ने प्रशिक्षण कार्यक्रम की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि राजस्व विभाग में पटवारी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। ऐसे में प्रशिक्षण के दौरान उन्हें नियमों, प्रक्रियाओं एवं तकनीकी पहलुओं की गहन जानकारी होना आवश्यक है। उन्होंने प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए कहा कि केवल सैद्धांतिक ज्ञान ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि फील्ड में कार्य करने का व्यावहारिक अनुभव भी उतना ही जरूरी है।
उन्होंने प्रशिक्षकों को निर्देश दिए कि प्रशिक्षण को अधिक प्रभावी और उपयोगी बनाने के लिए वास्तविक परिस्थितियों से जुड़ी जानकारी भी दी जाए, ताकि पटवारी भविष्य में अपने दायित्वों का निर्वहन बेहतर तरीके से कर सकें। साथ ही, उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान यदि किसी प्रकार की शंका या समस्या सामने आती है तो उसका तुरंत समाधान किया जाना चाहिए।
अतिरिक्त जिला कलक्टर ने पटवारियों को ईमानदारी, पारदर्शिता और जनहित को प्राथमिकता में रखते हुए कार्य करने की सीख दी। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं निष्पक्ष समाधान ही प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें पटवारियों की अहम भूमिका रहती है।
इस अवसर पर उपखंड अधिकारी सुरेन्द्र सिंह खंगारोत, तहसीलदार रायचंद देवासी, नायब तहसीलदार नीलम राठौड़ , ऑफिस कानूनगो कमलेश कुमार जांगिड़ , आर आई मगाराम , पटवारी भोमाराम समेत संबंधित विभागीय अधिकारी एवं प्रशिक्षण केंद्र से जुड़े कार्मिक उपस्थित रहे।
— राजस्थान से राजूचारण
