सिपाही भर्ती मे 8161 अभ्यर्थियों ने छोड़ी परीक्षा, आसान पेपर ने बढ़ाई चिंता, जंक्शन पर धक्का-मुक्की

बरेली। उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी परीक्षा 2026 के दूसरे दिन मंगलवार को सख्ती और बढ़ गई। अभ्यर्थियों को तुलसी की माला और गले में पहना गया काला धागा, टोपी, गमछा आदि उतरवाने के बाद ही केंद्र के अंदर प्रवेश दिया गया। प्रश्नपत्र में इस बार सामान्य ज्ञान वाले खंड में करंट अफेयर्स से जुड़े सवाल ज्यादा पूछे गए। इनमें से कई हाल की घटनाओं से संबंधित थे। इनका जवाब देने में अभ्यर्थियों को परेशानी भी हुई। परीक्षा केंद्र से बाहर आए ज्यादातर अभ्यर्थियों ने इसी खंड को सबसे कठिन बताया। जनपद के 19 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और सघन जांच के बीच दूसरे दिन भी सिपाही भर्ती परीक्षा संपन्न कराई गई। अभ्यर्थियों के अनुसार प्रश्नपत्र का स्तर सामान्य से मध्यम रहा लेकिन प्रतिस्पर्धा को देखते हुए मेरिट अधिक जाने की संभावना है। पहले दिन 17,472 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 13,263 ने परीक्षा दी, जबकि 4,209 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। वहीं दूसरे दिन 17,472 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 13,520 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 3,952 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। दूसरे दिन भी केंद्रों के बाहर सुबह से ही लंबी कतारें देखने को मिलीं। प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की कई चरणों में जांच की गई। जूते तक उतरवाकर चेक किए गए और पहचान पत्रों का मिलान किया गया। सुरक्षा एजेंसियां और प्रशासनिक अधिकारी पूरे समय परीक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रहे। इस भर्ती परीक्षा मे कुल 52,500 अभ्यर्थियों को शामिल होना है। प्रशासन का दावा है कि सभी केंद्रों पर निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। लेकिन इतने इंतजाम होने के बाद भी बरेली जंक्शन पर भीड़ अधिक होने के कारण धक्का-मुक्की हो गई। मंगलवार को आयोजित दोनों पालियों में भी परीक्षा केंद्रों पर बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पहुंचे। पहली और दूसरी दोनों पालियों में 8,736-8,736 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें 6,760-6,760 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 1,976-1,976 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *