सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हमारी पहली प्राथमिकता : सुशील कुमार यादव

राजस्थान/बाड़मेर- जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में विभागीय कार्यों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों ने भाग लेकर विभागीय योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की। बैठक के दौरान राजस्थान संपर्क पोर्टल, सतर्कता प्रकरणों, मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना, फ्लैगशिप योजनाओं तथा विभागीय कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।

जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव ने अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं आमजन को समयबद्ध लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जलदाय विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होने जिले में नियमित अंतराल पर पर्याप्त एवं सुचारू जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं विद्युत विभाग को आवश्यकतानुसार ट्रांसफार्मर स्थापित कर गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति बनाए रखने के लिए कहा। चिकित्सा विभाग को निर्देशित करते हुए उन्होंने अस्पतालों में उपलब्ध निशुल्क जांचों की स्पष्ट सूचना प्रदर्शित करने तथा आपातकालीन सभी जांचें मरीजों को उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो जांच चिकित्सालय में संभव नहीं हो, उसके संबंध में संबंधित चिकित्सक पर्ची पर स्पष्ट उल्लेख करें कि जांच बाहर से करवानी है। इसके साथ ही उन्होंने संबंधित विभाग को जलापूर्ति में लगे टैंकरों एवं एम्बुलेंस के लिए पर्याप्त डीजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में पच्चीस मई से प्रारंभ होने वाले “वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान” को लेकर भी तैयारियों की समीक्षा की गई तथा सभी विभागों को पूर्व तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान ने राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कहा कि राज्य सरकार इन मामलों की गंभीरता से मॉनिटरिंग कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को 30 दिन से अधिक पुराने प्रकरण लंबित नहीं रखने तथा संतुष्टि प्रतिशत में वृद्धि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही शिक्षा विभाग को अवकाश काल के दौरान जिले के जर्जर विद्यालयों में आवश्यक मरम्मत कार्य पूर्ण कराने के भी निर्देश दिए।

बैठक में अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी हीराराम कलबी ने जानकारी देते हुए बताया कि 18 मई से 25 मई तक जिले के आदि सेवा केंद्रों पर “धरती आबा जनजाति ग्राम उत्कर्ष अभियान” के तहत सात दिवसीय जनजाति गरिमा उत्सव आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को कार्यक्रमों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर आमजन को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देने तथा अधिकाधिक लोगों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। बैठक में नगर परिषद आयुक्त जयप्रकाश, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. वांकाराम चौधरी, प्रमुख चिकित्सा अधिकारी कमलेश चौधरी, जोधपुर विद्युत वितरण निगम के अधीक्षण अभियंता लतीश, जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता बाबूलाल मीणा, जिला शिक्षा अधिकारी देवाराम प्रजापत, रीको इकाई प्रभारी कुलदीप दाधीच, जिला रसद अधिकारी हजारीलाल आलोरिया समेत सभी जिला स्तरीय अधिकारी तथा प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

— राजस्थान से राजूचारण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *