बरेली। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार मे सभी विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि अवैध खनन के मामलों मे किसानों का उत्पीड़न नही होना चाहिए और न ही क्रय केंद्रों पर वसूली हो। अधिकारी के पास यदि कोई व्यक्ति समस्या लेकर आए तो उसका समाधान करें और नहीं कारण बताएं। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य शुक्रवार को बरेली दौरे पर थे। उन्होंने सबसे पहले नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर इन्वर्टिस यूनिवर्सिटी में कार्यक्रम को संबोधित किया। इसके बाद कलेक्ट्रेट सभागार मे समीक्षा बैठक की। डिप्टी सीएम ने कहा कि किसानों और महिलाओं का उत्पीड़न बर्दाश्त नही किया जाएगा। जनप्रतिनिधियों की शिकायतों पर उन्होंने कहा कि एक व्हाट्सग्रुप बनाएं। जिसमें सभी जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और अधिकारी जुड़े रहें। जनप्रतिनिधि जो भी समस्या बताएं उसका निस्तारण कर अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि क्रय केंद्रों पर कोई दलाल नही आना चाहिए और न ही किसी से अवैध वसूली होनी चाहिए। अवैध खनन के नाम पर किसानों का उत्पीड़न और भू-माफिया का संरक्षण नही चलेगा। गन्ना भुगतान के संबंध में जानकारी लेने पर डीएम ने बताया कि नवाबगंज चीनी मिल की नीलामी हो गई है। बहेड़ी शुगर मिल की नीलामी 29 अप्रैल को है। उन्होंने जल्द गन्ना मूल्य भुगतान कराने को कहा। बैठक मे जनप्रतिनिधियों ने अवैध अतिक्रमण और उन पर हो रही कार्रवाई का मुद्दा भी उठाया। इस पर डिप्टी सीएम ने कहा कि कहीं भी यदि अवैध अतिक्रमण हुआ है तो उन पर एकतरफा कार्रवाई नहीं होनी चाहिए। विभागों को यह पता लगाया जाना चाहिए कि जिले में कोई अवैध निर्माण किसके कार्यकाल में हुआ है। उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाए। साथ ही नोटिस देने के बाद ही अतिक्रमण हटाया जाए। बैठक में जल जीवन निगम के अधिशासी अभियंता ने बताया कि 121 गांवों में कार्य पूर्ण चुका है। जनप्रतिनिधियों ने आपत्ति जताते हुए कहा कि यह रिपोर्ट सही नहीं है। ऐसे में डिप्टी सीएम ने कहा कि सभी गांवों का भौतिक सत्यापन करके जल्द से जल्द रिपोर्ट दी जाए। साथ ही जिले में जहां अवैध कब्जे हैं तो उन्हें हटवाएं। डिप्टी सीएम ने कहा कि उनके संज्ञान में आया है कि निलंबित सिपाही सुरकेश महिलाओं को आगे करके कई लोगों पर फर्जी मुकदमे कराता है। दस हजार का इनामी यह सिपाही इसके बाद भी वसूली करता है। उन्होंने सिपाही सुरकेश के खिलाफ पुलिस विभाग को कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। केशव प्रसाद ने कहा कि बदायूं में अधूरे खल्लपुर पुल का निर्माण जल्द पूरा कराएं। बदायूं-कासगंज मार्ग का काम भी तेजी से पूरा कराएं। देवहा नदी किनारे जरपा मोहनपुर गांव में बनी सड़क बहने की शिकायत पर डिप्टी सीएम ने जल्द सही कराने को कहा। साथ ही अभयपुर रिठौरा रोड हैंडओवर कराने के निर्देश दिए। डिप्टी सीएम ने कहा कि उनके संज्ञान में आया है कि परिवहन कार्यालय के ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल में पहले लोगों को फेल कर देते हैं, बाद में 10 से 15 हजार रुपये लेकर पास किया जा रहा है। इस पर कार्रवाई करने को कहा। साथ ही प्राइवेट स्कूलों में नया पाठ्यक्रम लागू करने में मनमानी की जांच कमेटी गठित कर कराने को कहा। बैठक मे वनमंत्री डॉ. अरुण कुमार, सांसद छत्रपाल गंगवार, मेयर डॉ. उमेश गौतम, विधायक डॉ. डीसी वर्मा, डॉ. राघवेंद्र शर्मा, संजीव अग्रवाल, एमलएलसी कुंवर महाराज सिंह, बहोरन लाल मौर्य, दिग्विजय सिंह शाक्य, सोमपाल शर्मा, आदेश प्रताप सिंह, अधीर सक्सेना, एडीजी रमित शर्मा, कमिश्नर भूपेंद्र एस चौधरी, डीआईजी अजय साहनी, डीएम अविनाश सिंह, सीडीओ देवयानी, एसएसपी अनुराग आर्य, नगर आयुक्त संजीव मौर्य, वीसी बीडीए मणिकंडन ए आदि रहे।।
बरेली से कपिल यादव
