भमोरा, बरेली। जनपद के थाना भमोरा क्षेत्र मे शुक्रवार रात बदायूं से बरेली जा रही रोडवेज बस बरेली-बदायूं जिलों की सीमा पर बनी पुलिया के पास असंतुलित होकर पलट गई। हादसे में 12 यात्री घायल हो गए। जिन्हें अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। बदायूं के मोहल्ला बेगूसराय की मस्जिद के मौलवी इमाम गजाली मलिक ने बताया कि वह शुक्रवार की रात बरेली जाने को बरेली डिपो की रोडवेज बस में बैठे थे। आरोप है कि बस का चालक नशे में बस भगा रहा था। बस कंडक्टर ने चालक को समझाने का प्रयास किया। चालक को नशे मे बस चलाने की जानकारी उसने अधिकारी को दी थी। बस मे सवार मेडिकल कॉलेज के चार-पांच छात्रों ने बस मलगांव रेलवे फाटक पर रुकवा दी और चालक से कहासुनी हुई। यात्रियों ने चालक को पिटने से बचा लिया। छात्र वही उतर गए। चालक किसी तरह बस लेकर रसूलपुर से आगे आया जहां सड़क निर्माण के चलते रूट डायवर्जन किया गया था। नशे में चालक बस लेकर गलत साइड मे चला गया। किसी वाहन को खड़ा देख ओवरटेक करते हुए दूसरी तरफ बस ले गया आगे सड़क बंद होने पर बस पलट गई। बस गड्ढे मे चली गई, यात्रियों मे चीख-पुकार मच गई। 12 यात्रियों को चोटें लगी। अमन उसकी मामी शांति देवी गंभीर रूप से घायल हो गए। करीब 10 लोगों को गुम चोटें लगीं। भमोरा पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया। उप निरीक्षक मनोज कुमार के बताया कि पुलिस के पहुंचने से पहले बस का चालक फरार हो गया था। मौलवी गजाली मलिक ने बस पलटने की घटना मे अपना मोबाइल गुम होने की तहरीर भमोरा पुलिस को दी।।
बरेली से कपिल यादव
