बरेली। मोहर्रम जुलूस के दौरान रुपये लूटने को लेकर ताजियेदारों मे हुए टकराव के मामले मे करीब 12 वीडियो पुलिस के पास पहुंचे हैं। इनके आधार पर पुलिस ने 15 खुराफातियों को चिह्नित कर लिया है और उनकी तलाश की जा रही है। कार्रवाई के लिए पुलिस ने दोनों पक्षों से तहरीर मांगी है लेकिन अब तक कोई थाने नहीं पहुंचा। बता दें कि शुक्रवार शाम बिथरी चैनपुर के गांव पदारथपुर से ताजिये निकाले जा रहे थे। इसी दौरान गांव की प्रधानी से जुड़े दो पक्षों के लोगों में रुपये लुटाने को लेकर बहस हो गई। वहीं, रुपये लूटने के लिए भीड़ में धक्कामुक्की होने लगी। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के लोगों ने एकदूसरे पर लाठियों से हमला कर दिया, जिसमें चार-पांच लोग घायल भी हुए। स्थिति बिगड़ते देखकर जुलूस में साथ चल रहे पुलिसकर्मियों ने डंडे फटकाकर खुराफातियों को खदेड़ दिया। इस मामले में बिथरी चैनपुर पुलिस ने कार्रवाई के लिए दोनों पक्षों से तहरीर मांगी है लेकिन अब तक कोई थाने नहीं पहुंचा। चर्चा है कि समाज के प्रभावशाली लोगों ने उनके बीच समझौता करा दिया है। इस घटना को लेकर पुलिस ने लोगों से और सीसीटीवी कैमरों के जरिये बवाल से जुड़े करीब 12 वीडियो जुटाए हैं। इन वीडियो को देखकर पुलिस ने 15 लोगों को चिह्नित किया है, जो उपद्रव करने में शामिल थे। इनकी तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं लेकिन सभी घर से फरार हो गए है। इस घटना के बाद से पदारथपुर के ज्यादातर घरों के पुरुष फरार हो गए हैं। घरों में सिर्फ महिलाएं और बच्चे ही मौजूद हैं। वहीं, कुछ घरों में ताला लगे हुए हैं। एसओ राजेश बाबू मिश्रा ने बताया कि चिह्नित आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। कार्रवाई के लिए दोनों पक्षों से तहरीर मांगी गई है। मगर अब तक कोई व्यक्ति सामने नहीं आया है।।
बरेली से कपिल यादव
