बरेली। जनपद के थाना कैंट क्षेत्र मे चौबारी के पास पुल निर्माण कार्य के दौरान हुए हादसे में हाइड्रा के हेल्पर की मौत हो गई। लोहे का भारी जाल उतारते समय हाइड्रा का पट्टा टूटने से जाल नीचे गिर पड़ा और उसकी चपेट में आकर हेल्पर गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक थाना कैंट क्षेत्र के ग्राम चौबारी के पास गुरुवार रात करीब साढ़े आठ बजे कन्नौजिया प्राइवेट लिमिटेड कंपनी द्वारा पुल निर्माण का कार्य कराया जा रहा था। इस दौरान हाइड्रा से पुल का लोहे का जाल उतारते समय पट्टा टूट गया और लोहे का जाल नीचे गिर पड़ा। इसकी चपेट में आकर पास ही खड़ा हाइड्रा का हेल्पर 50 वर्षीय भगवानदास निवासी ग्राम दियोरिया अब्दुल्लागंज थाना मीरगंज गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद साथी कर्मचारी उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने भगवानदास को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि गुरुवार को भगवान दास की नौकरी का पहला ही दिन था और हादसे में उसकी जान चली गई। पुलिस का कहना है कि मृतक ने सेफ्टी जैकेट और हेलमेट भी नहीं पहना था। हालांकि मृतक के परिवार वालों ने किसी प्रकार की शिकायत नहीं की है। भगवानदास के मृत घोषित होने के बाद ड्राइवर उसके शव को कार में ही अस्पताल मे छोड़कर अपने साथी को बुलाने चला गया। शव के पास किसी व्यक्ति के मौजूद न होने पर डॉक्टर ने लावारिस शव की सूचना 112 नंबर पर दी। इससे वहां कार में लावारिस शव होने की अफवाह फैल गई। इसी बीच कैंट पुलिस मौके पर पहुंची तो स्थिति स्पष्ट हो गई। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजन को सौंप दिया गया।।
बरेली से कपिल यादव
