बरेली। मानसून से पहले चल रहे नाला सफाई अभियान के दौरान ठेकेदार की लापरवाही से नगर निगम को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। मिशन हॉस्पिटल रोड स्थित खुले नाले के किनारे सुरक्षा के लिए लगाई गई लोहे की रेलिंग नाला सफाई कार्य के दौरान क्षतिग्रस्त कर दी गई। नगर निगम ने खुले नालों के किनारे हादसों को रोकने और राहगीरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लाखों रुपये खर्च कर लोहे की रेलिंग लगवाई थी, लेकिन हाल ही में नाला सफाई के दौरान इस्तेमाल की गई मशीनरी और कार्य में बरती गई लापरवाही के कारण रेलिंग कई स्थानों पर टूट गई और क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह रेलिंग खुले नाले में गिरने की घटनाओं को रोकने के लिए लगाई गई थी। रेलिंग को नुकसान पहुंचने से नगर निगम को लाखों की क्षति होने का अनुमान है। सवाल यह भी उठ रहा है कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के बावजूद कार्यदायी संस्था पर अब तक क्या कार्रवाई की गई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नाला सफाई के दौरान मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। कई स्थानों पर मशीनों के संचालन में सावधानी नहीं बरती जा रही, जिससे नगर निगम की संपत्तियों को नुकसान पहुंच रहा है। क्षेत्रीय नागरिकों ने मांग की है कि क्षतिग्रस्त रेलिंग की मरम्मत तत्काल कराई जाए और हुए नुकसान की भरपाई संबंधित ठेकेदार से वसूली जाए। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि नाला सफाई के दौरान खुले नालों पर लगाई रेलिंग को क्षतिग्रस्त किया जा रहा है। संबंधित इंजीनियरों से इसकी रिपोर्ट मांगी है। इसके बाद आगे की कार्रवाई करेंगे।।
बरेली से कपिल यादव
