उद्यमियों को मिले सहारा, ऋण शिविर लगाकर कर्ज को बनाएं आसान- भूपेंद्र चौधरी

बरेली। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने शनिवार को सर्किट हाउस में उद्योग विभाग की योजनाओं की समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभाग की सभी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि अधिक से अधिक युवाओं और उद्यमियों को लाभ मिल सके। मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं की प्रतिभा को नई ऊर्जा प्रदान करेगी। सरकार उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। नीट पेपर लीक मामले पर भूपेंद्र चौधरी ने बयान दिया। उन्होंने कहा कि सीबीआई मामले की जांच कर रही है। दोषियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने बैंकों के सहयोग से विभिन्न क्षेत्रों में ऋण शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। कहा कि शिविरों में जनप्रतिनिधियों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों को आसानी से ऋण मिल सके। मंत्री ने योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता पर जोर देते हुए अधिकारियों से लाभार्थियों से सीधे संवाद कर फीडबैक लेने को कहा। साथ ही ओडीओपी और विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत टूलकिट वितरण समारोह आयोजित कर जनप्रतिनिधियों के माध्यम से वितरण कराने के निर्देश दिए। औद्योगिक सस्थानों में बंद पड़ी इकाइयों का सर्वे कराने और लंबे समय से निष्क्रिय इकाइयों के आवंटन निरस्त करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि खाली होने वाले भूखंड नए उद्यमियों को आवंटित किए जाएं, जिससे उद्योग और रोजगार को बढ़ावा मिल सके। कॉकरोच जनता पार्टी’ के सवाल पर मंत्री ने इसे नकारात्मक एजेंडा बताया। उन्होंने कहा कि यह लोगों को गुमराह करने का प्रयास है। देश की जनता सजग है और ऐसी राजनीति करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। मंत्री ने यह भी कहा कि सरकार ने विकास यात्रा को तेजी से आगे बढ़ाया है, जिससे विपक्ष हताश है। बैठक में संयुक्त आयुक्त उद्योग श्रीनाथ पासवान सहित बरेली, शाहजहांपुर, बदायूं और पीलीभीत के उपायुक्त उद्योग मौजूद रहे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *