राजस्थान/बाड़मेर- बाड़मेर जिला मुख्यालय पर शुक्रवार को गृह विभाग के निर्देशानुसार हवाई हमले के दौरान आपातकालीन तैयारियों को परखने के लिए मॉक ड्रिल एवं ब्लैक आउट का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रशासन, पुलिस, चिकित्सा एवं अन्य संबंधित विभागों ने समन्वय के साथ आपात स्थिति से निपटने का अभ्यास किया। इस दौरान राजकीय महाविद्यालय ने मॉक ड्रिल के तहत विभिन्न परिदृश्यों को ध्यान में रखते हुए राहत एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया गया। जिला एवं पुलिस के साथ अन्य विभागीय अधिकारियों ने हवाई हमले से अचानक उत्पन्न होने वाली आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया देने, घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने तथा आवश्यक सेवाओं को सुचारू रखने की प्रक्रिया का अभ्यास किया। इसके उपरांत बाड़मेर शहर में रात्रि 8 से 8.15 बजे तक ब्लैक आउट किया गया, जिसमें शहर की बिजली बंद रखी गई।
अतिरिक्त जिला कलक्टर राजेंद्र सिंह चांदावत ने बताया कि मॉक ड्रिल एवं ब्लैक आउट का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में आवश्यक सतर्कता एवं सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। अतिरिक्त जिला कलक्टर राजेंद्र सिंह चांदावत ने कहा कि गृह विभाग के निर्देशानुसार होने वाला यह अभ्यास केवल प्रशासनिक व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि आमजन को आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। इस मॉक ड्रिल के माध्यम से आपातकालीन सेवाओं के साथ-साथ आम नागरिकों की तत्परता और समन्वय की भी परख की गई। यह अभ्यास आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, संसाधनों के कुशल प्रबंधन और प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करने की दिशा में अहम कदम है। उन्होंने विशेष रूप से एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड, विद्यालय एवं महाविद्यालय के विद्यार्थियों से इस अभ्यास में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया, ताकि वे आपदा के समय समाज के सशक्त सहयोगी बन सकें।
अतिरिक्त जिला कलक्टर राजेंद्र सिंह चांदावत एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश आर्य ने ब्रीफिंग के जरिए उपस्थित विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए बताया कि इस प्रकार की मॉक ड्रिल से न केवल विभागों की तैयारी मजबूत होती है, बल्कि आम नागरिकों में भी आपदा के समय सही व्यवहार को लेकर जागरूकता बढ़ती है। उन्होंने भविष्य में भी इस तरह के अभ्यास नियमित रूप से आयोजित करने एवं कमियों में सुधार लाने की बात कही। ब्लैक आउट के दौरान आमजन से सहयोग की अपील की गई और अधिकांश स्थानों पर लोगों ने निर्देशों का पालन किया।
इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर राजेंद्र सिंह चांदावत, उपखंड अधिकारी यशार्थ शेखर, तहसीलदार हुकमीचंद,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश आर्य, पुलिस उप अधीक्षक रमेश कुमार शर्मा समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान जिला प्रशासन, पुलिस, नागरिक सुरक्षा, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ,नगर परिषद फायर बिग्रेड समेत विभिन्न विभागों की सक्रिय भागीदारी रही।
— राजस्थान से राजूचारण
