अफीम फैक्ट्री का हुआ भंडाफोड़ कई प्रदेशों में करते थे तस्करी

बरेली। कैंट पुलिस और एसटीएफ यूनिट बरेली की संयुक्त टीम ने अफीम फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर गिरोह के दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह झारखंड से अफीम लाकर उसमें अन्य सामग्री की मिलावट करके कई प्रदेशों में सप्लाई करता था। कैंट इंस्पेक्टर संजय धीर ने बताया कि रविवार रात उमरसिया मोड़ से पहले कांधरपुर क्षेत्र में श्यामलाल के मकान पर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान झारखंड के चतरा निवासी राजू कुमार और कैंट क्षेत्र के हिंडौलिया भोलापुर निवासी महेश पाल को गिरफ्तार किया गया। मौके से 2.120 किलोग्राम अफीम, 300 ग्राम कुटकी, 700 ग्राम चपड़ा चाप, 2.180 किलोग्राम गोंद, 88 ग्राम काला रंग, 130 ग्राम तेल, 145 ग्राम चीनी और 630 ग्राम पिघला हुआ गोंद बरामद किया। इसके अलावा दो डिजिटल तराजू, गैस सिलेंडर व भट्टी, लोहे की कढ़ाई, पलटा, पैकिंग और सीलिंग मशीन और दो स्मार्ट फोन भी कब्जे में लिए गए है। पूछताछ मे आरोपी राजू कुमार ने बताया कि वह झारखंड के रांची क्षेत्र से अफीम लाकर महेश पाल को देता था। महेश उस अफीम में केमिकल और अन्य नशीले पदार्थ मिलाकर उसकी मात्रा बढ़ाता था। महेश पाल के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। मामले में थाना कैंट में एनडीपीएस एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर दोनों को जेल भेजा गया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे लोग अच्छी क्वालिटी की एक किलो अफीम में मिलावट कर तीन-चार किलो तक बना देते थे। इसके बाद तैयार हुई मिलावटी अफीम को उत्तर प्रदेश, पंजाब, दिल्ली और उत्तराखंड में सप्लाई करते थे। महेश को वर्ष 2023 और 2024 में भी मादक पदार्थ तस्करी में गिरफ्तार कर जेल भेजा है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *