बरेली। मामा-मामी के घर गए अधिवक्ता पर एक बदमाश ने अपने साथियों के साथ चाकू से हमला करके घायल कर दिया। बीच बचाव को आए मामा-मामी पर भी हमला किया और उनकी गर्दन पर चाकू रख दिया। थाना प्रेमनगर पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर वारदात के 24 घंटे के अंदर आरोपी को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के दोनों पैर में गोली लगने के कारण उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सुभाषनगर की पुरानी चांदमारी निवासी अधिवक्ता बृजेश मिश्रा ने बताया कि रविवार रात करीब 12 बजे वह मोहल्ला गुलाबनगर में अपने मामा पीयूष शर्मा के घर गए थे। वह घर के बाहर बाइक पर बैठे थे उसी दौरान बिलाल घोसी नाम के बदमाश ने उन्हें पकड़कर खींच लिया और पीठ पर चाकू से ताबड़तोड़ दो-तीन प्रहार करके घायल कर दिया। उनके शोर मचाने पर मामा-मामी आए तो बिलाल घोसी ने उनकी गर्दन पर चाकू रख दिया और अपने दो साथियों की मदद से मारपीट की। इसके बाद उन्होंने डंडे से बिलाल पर वार किया तो वह उन्हें छोड़कर भागा। उन्होंने 112 नंबर पर सूचना दी तो पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें अस्पताल भिजवाया। इस मामले में बिलाल घोसी समेत दो अन्य अज्ञात पर जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज की गई है। उनका कहना है कि बिलाल घोसी शातिर गैंगस्टर है और उस पर कई मुकदमे दर्ज है। बृजेश मिश्रा के रिपोर्ट दर्ज कराने से बौखलाए आरोपी बिलाल घोसी ने रविवार रात करीब नौ बजे उनके मामा पीयूष शर्मा को घेर लिया। आरोपी ने तमंचा दिखाकर उन्हें धमकाया और गोली मारने की धमकी दी। इस पर पीयूष शर्मा ने रविवार देर रात थाना प्रेमनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई तो पुलिस बिलाल घोसी की तलाश में जुट गई।।
बरेली से कपिल यादव
