बरेली। बरेली सेंट्रल जेल से सोमवार को एक उम्रकैद का कैदी फरार हो गया। कैदी के जेल से भागने की सूचना मिलते ही जेल प्रशासन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में लगा दी गई हैं और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। उधर, इस घटना के बाद जेलर और डिप्टी जेलर समेत नौ जेलकर्मियों को निलंबित कर दिया गया। जानकारी के अनुसार अमरोहा जिले के थाना डिडौली क्षेत्र के गांव नेनेडा निवासी दिनेश पुत्र अरविंद बरेली सेंट्रल जेल में बंद था। उसे बिजनौर में दर्ज पॉक्सो एक्ट के एक मामले में उम्रकैद की सजा हुई थी। सोमवार को वह जेल परिसर में खेत पर काम करने गया था। इसी दौरान वह पुलिस और जेल कर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि खेत में कार्य के दौरान निगरानी में चूक का फायदा उठाकर दिनेश मौके से निकल गया। काफी देर तक नही दिखने पर उसकी तलाश शुरू की गई लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद जेल प्रशासन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पर इज्जतनगर थाना पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। फरार कैदी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई है। वही डीआईजी जेल कुंतल किशोर की जांच में पता चला कि सुरक्षाकर्मी रील देखने में व्यस्त थे। इस पर डीजी जेल पीसी मीणा ने जेलर व डिप्टी जेलर को निलंबित कर दिया। वरिष्ठ जेल अधीक्षक अविनाश गौतम के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संस्तुति शासन से की है। इधर, वरिष्ठ जेल अधीक्षक ने कैदियों की सुरक्षा में तैनात जेलर नीरज कुमार, डिप्टी जेलर वंदना चौधरी, हेड जेल वार्डर विशंभर सिंह, अर्जुन प्रसाद, गेंदनलाल, जेल वार्डर मुकेश कुमार व मोहित कुमार और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी विजय कुमार व यशपाल सहित सात कर्मियों को निलंबित किया है। सभी के खिलाफ विभागीय जांच बैठाई गई है। एएसपी शिवम आशुतोष सिंह ने बताया कि इज्जतनगर थाने में कैदी के भागने की रिपोर्ट दर्ज की गई है। उसकी गिरफ्तारी में चार टीमें अलग-अलग प्वाइंट पर लगाई गई हैं। अमरोहा पुलिस से भी संपर्क किया गया है, आरोपी के घर भी टीम भेजी गई है।।
बरेली से कपिल यादव
