योगी सरकार को बदनाम कर रहे बिजली अफसर, मंत्री के सामने पार्षदों ने खोली पोल, हुआ हंगामा

बरेली। शहर मे गंभीर हुए बिजली संकट को लेकर वन मंत्री डा. अरुण कुमार और कैंट विधायक संजीव अग्रवाल की मौजूदगी मे हुई नगर निगम के पार्षदों और विद्युत विभाग के अधिकारियों की संयुक्त बैठक में जमकर हंगामा हुआ। पार्षदों का कहना था कि बिजली की समस्या आने पर जेई से लेकर मुख्य अभियंता तक फोन नही उठाते है। आरोप यहां तक लगाया कि विभाग की शह पर ही बिजली चोरी की जा रही है। बार-बार फुंक रहे एबीसी की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए जांच कराकर कार्रवाई की मांग की गई। विधायक और मंत्री ने अधिकारियों को हिदायत दी कि व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो कार्रवाई झेलने के लिए तैयार रहे। वन मंत्री ने कहा कि शहर में बिजली की व्यवस्था बहुत खराब है, अधिकारी इसमें सुधार कराएं। जनप्रतिनिधियों का नंबर अपने मोबाइल में फीड कर लें और उनकी शिकायत को गंभीरता से लेकर निस्तारण कराएं। चेतावनी दी कि लापरवाही और मनमानी करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी। कैंट विधायक ने पार्षदों का आह्वान किया कि बिजली चोरी की गोपनीय शिकायत वन मंत्री, विधायक और मुख्य अभियंता को दें। उस पर अपना नाम न लिखें, सिर्फ बिजली चोरी करने वालों का नाम और पता लिखें, जांच कराकर वैधानिक कार्रवाई कराई जाएगी। डीएम अविनाश सिंह ने कहा कि बिजली विभाग के अधिकारी जनता का फोन नहीं उठा रहे यह शिकायत गंभीर है। अपर जिलाधिकारी नगर अविनाश त्रिपाठी, नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा, मुख्य अभियंता मध्यांचल मनीष गुप्ता, मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश आदि मौजूद रहे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *