बिजली कटौती से आक्रोशित लोगों ने उपकेंद्र पर एसएसओ को पीटा

बरेली। बिजली कटौती शहर से लेकर देहात तक में कम होने का नाम नहीं ले रही है। बिजली निगम के अधिकारी जहां बड़े-बड़े दावे कर रहे हैं वहीं बिजली कटौती से लोग परेशान हो रहे हैं। आए दिन हर घंटे हो रही बिजली कटौती से परेशान लोगों ने शुक्रवार को पवन विहार उपकेंद्र पर हंगामा किया। समय पर समस्या का निस्तारण न होने से आक्रोशित दो युवकों ने उपकेंद्र पर मौजूद संविदा पर लगे एसएसओ संजीव को पकड़ लिया और जमकर पीटा। मामले की जानकारी उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन निविदा संविदा कर्मचारी संगठन के जिलाध्यक्ष रिंकू श्रीवास्तव को हुई तो उन्होंने सुरक्षा न मिलने तक हड़ताल का आह्वान किया। रविवार शाम से ही संविदाकर्मियों ने काम करना बंद कर दिया। रविवार को सबसे अधिक बिजली कटौती महानगर, सनसिटी, चौपला, मिशन कंपाउंड, सीबीगंज, लोहिया विहार, हरुनगला, शाहदाना, जगतपुर, पवन विहार, सिविल लाइंस तृतीय, कोहड़ापीर, किला, इज्जतनगर विद्युत उपकेंद्रों के अलग-अलग फीडरों में रही। महानगर उपकेंद्र के आकांक्षा इन्क्लेव, छोटी विहार आशुतोष सिटी व सनसिटी उपकेंद्र के कुर्मांचल नगर, पीर बहोड़ा के इलाकों में चार से पांच घंटे बिजली कटौती हुई। इसी तरह सीबीगंज व लोहिया विहार, परसाखेड़ा उपकेंद्र के फीडरों पर ट्रिपिंग व लोकल फॉल्टों के कारण बिजली संकट का लोगों को सामना करना पड़ा। शाहदाना के कांकरटोला, रोहिलीटोला, शास्त्री मार्केट, बजरिया, माधौबाड़ी, आजाद नगर में बिजली कटौती सुबह से लेकर देर रात तक कई बार हुई। कटरा चांद खां, राजनगर, मौर्या मंदिर, बालजती में भी ट्रिपिंग की समस्या रही। इसी तरह मिशन कंपाउंड का चौपुला फीडर कई घंटे बंद रहा। इसके चलते लोगों को बिजली संकट का सामना करना पड़ा। पीर बहोड़ा असमल कॉलोनी का बंच टूटने के कारण बिजली कटौती हुई। सीबीगंज विद्युत उपकेंद्र के एचएम 19 की बंच केबल में आग लगने के कारण बिजली कटौती हुई। सुभाष नगर के तिलक कॉलोनी गली नंबर 21 में बंच केबल खराब होने के कारण बिजली कटौती लोगों को झेलनी पड़ी।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *