बरेली। बकरीद से पहले एसएसपी अनुराग आर्य ने कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने पुलिस कार्यालय में एक महत्वपूर्ण गोष्ठी करके सभी अपर पुलिस अधीक्षक, सीओ और थाना प्रभारियों को आवश्यक निर्देश दिए। एसएसपी ने थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर संभावित विवादों की जानकारी जुटाने और संवेदनशील स्थलों पर निगरानी रखने को कहा है। संरक्षित पशुओं की कुर्बानी किसी भी दशा में न होने पाए, इस पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। कुर्बानी के बाद मांस को ढककर और व्यवस्थित रूप से ले जाने को कहा गया ताकि वह सार्वजनिक रूप से दिखाई न दे। सार्वजनिक स्थानों पर कुर्बानी पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री साझा करने पर निगरानी रखी जाएगी। एसएसपी ने कहा कि अफवाह फैलाने वालों और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वालों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। ईदगाह कीसफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था के लिए प्रशासनिक अधिकारियों से समन्वय स्थापित करने को कहा गया। अनुराग आर्य ने कहा कि बकरीद को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। एसएसपी ने कहा कि हर शिकायत का अंकन जनसुनवाई रजिस्टर में करना अनिवार्य किया गया है। पारिवारिक विवादों में संवेदनशीलता और तत्परता से कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। पुलिस चौकियों पर भी नियमित जनसुनवाई और प्रार्थनापत्रों की प्रविष्टि के निर्देश दिए गए। लंबित शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण और जनता से शालीन व्यवहार पर जोर दिया गया।।
बरेली से कपिल यादव
