भमोरा, बरेली। जनपद के थाना भमोरा क्षेत्र के देवचरा-बलिया रोड पर शनिवार शाम पति, पत्नी और प्रेमिका के बीच हुए हाईवोल्टेज ड्रामे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। आरोप है कि पति अपनी प्रेमिका के साथ कार मे जा रहा था, तभी पत्नी ने कार रोकने का प्रयास किया। कार न रुकने पर वह वाइपर पकड़कर लटक गई और करीब 100 मीटर तक घिसटती चली गई। राहगीरों ने बाइक लगाकर कार रुकवाई, जिसके बाद जमकर हंगामा, मारपीट और हाथापाई हुई। पुलिस ने पति और प्रेमिका के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की बात कही। भमोरा के गांव कटका रमन गांव निवासी गोदावरी उर्फ उषा कौर ने पुलिस को दी गई तहरीर मे बताया कि वह शनिवार शाम सात वर्षीय बेटे विराट के साथ बरेली स्थित मकान से गांव जा रही थी। इस दौरान वह देवचरा-बल्लिया रोड पर फूल मंडी के पास वाहन का इंतजार कर रही थी। इस दौरान पति नेत्रपाल एक महिला संग कार मे बैठे दिखे। ब्रेकर के पास कार की गति धीमी हुई तो गोदावरी ने कार का वाइपर पकड़ लिया लेकिन पति ने कार नही रोकी। वह बोनट पर लटककर 100 मीटर तक घिसटती चली गई। आसपास मौजूद लोगों ने कार रुकवाई तो पति-पत्नी और महिला के बीच नोकझोंक और हाथापाई भी हुई। गोदावरी का आरोप है कि सास की विधवा पेंशन के लिए पति का पंचायत कार्यालय मे आना-जाना है। वहां कार्यरत महिला से उनका प्रेम प्रसंग हो गया है। वही महिला ने अपनी मां के साथ थाने जाकर आरोपों को निराधार बताया। कहा कार्यालय से लौटने के दौरान नेत्रपाल ने लिफ्ट दी थी। पूरे घटनाक्रम के दौरान मौजूद लोगों ने मोबाइल फोन से वीडियो बना लिए जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे है और क्षेत्र में चर्चा का विषय बने हुए है। एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा ने बताया कि गोदावरी की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।।
बरेली से कपिल यादव
