पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप, डेढ़ घंटे चली छानबीन

बरेली। जनपद मे पासपोर्ट कार्यालय और उसके अधीन पासपोर्ट सेवा केंद्रों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ई-मेल मिलने से सोमवार को अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने पासपोर्ट कार्यालय परिसर को खाली करवाकर करीब डेढ़ घंटे तक सघन जांच की। बम या कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिलने पर अफसरों ने राहत की सांस ली। पासपोर्ट कार्यालय से प्राप्त जानकारी के मुताबिक सोमवार सुबह 10:57 बजे ई-मेल मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। प्रेमनगर थाना पुलिस डीडी पुरम स्थित पासपोर्ट कार्यालय और बारादरी पुलिस पीलीभीत बाइपास स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्र पहुंची। सीओ एलआईयू विजय राणा के नेतृत्व में बम निरोधक दस्ता, एलआईयू, फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वॉयड ने कार्यालयों में पहुंचकर सघन तलाशी की। जांच के दौरान कार्यालय के सभी कर्मियों और विभिन्न कार्यों से आए लोगों को भी बाहर निकाल दिया गया। आने वाले लोगों के बैग भी चेक किए गए लेकिन कही कोई विस्फोटक सामग्री नही मिली। जांच पूरी पर टीम लौट गई और कार्यालय का कामकाज फिर से सामान्य हो गया। क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी शैलेंद्र सिंह के मुताबिक, ई-मेल में भेजने वाले का जिक्र नही है। भाषा भी पूर्व के ई-मेल से अलग है। पुलिस आईपी एड्रेस के जरिये भेजने वाले की तलाश करेगी। ई-मेल मे क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय के अधीन आठ पासपोर्ट सेवा केंद्रों में भी धमाके की धमकी दी गई थी। सभी सेवा केंद्रों के प्रभारियों को तत्काल परिसर खाली कर पुलिस को सूचना देने के लिए कहा गया। लिहाजा, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बिजनौर, नगीना पासपोर्ट सेवा केंद्र में भी स्थानीय पुलिस और बम निरोधक दस्तों ने जांच की। हालांकि, इन केंद्रों पर भी कोई संदिग्ध वस्तु नही मिली।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *