बरेली। जनपद के थाना प्रेमनगर क्षेत्र में गुरुवार को 21 वर्षीय युवक मोबीन अहमद का शव उसके घर की छत पर कमरे में दुपट्टे से लटका मिला। परिजनों ने बताया कि वह पतंग उड़ाने छत पर गया था। वह नशे की लत से जूझ रहा था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच शुरू कर दी है। मोबीन अहमद ने नैनीताल रोड स्थित कोहाड़ापीर छोटे पुल के नीचे अपने घर की छत पर कथित तौर पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना का पता तब चला जब उसका नौ वर्षीय चचेरा भाई पतंग उड़ाने के लिए छत पर गया। उसने मोबीन को दुपट्टे के सहारे लटका हुआ देखा और तुरंत परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य और आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव कब्जे में लिया और कानूनी कार्रवाई पूरी की। परिजनों ने बताया कि मोबीन नशे की लत से जूझ रहा था। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। मोबीन अपने पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा था।।
बरेली से कपिल यादव
