गोवंश के अवशेष बता माहौल बिगाड़ने की कोशिश, हंगामा, धर्मस्थल के पास खुले मे फेंके कुर्बानी के अवशेष

बरेली। जनपद के आशियाना कॉलोनी के पास कूड़े के ढेर मे कुर्बानी के अवशेष मिलने पर गौरक्षकों ने उन्हें गोवंश के अवशेष बताकर हंगामा कर दिया। सूचना पर पहुंची बारादरी पुलिस ने अवशेष दफन कराकर किसी तरह मामला शांत किया। बारादरी क्षेत्र में आला हजरत हॉस्पिटल की ओर जाने वाले रोड पर आशियाना कॉलोनी के पास गुरुवार शाम कुर्बानी के अवशेष खुले मैदान मे पड़े थे। जानकारी मिलने पर गौरक्ष मौके पर पहुंचे और गोवंश के अवशेष बताकर हंगामा कर दिया। अवशेषों को उठाकर वे लोग सड़क पर ले आए और कुछ ही देर में वहां भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची तो एक युवक सड़क पर बैठकर प्रदर्शन करने लगा। इस दौरान पुलिस से भी उनकी तीखी नोंकझोंक हुई। जानकारी मिलने पर बारादरी इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह अन्य फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे। पूरे मामले की जानकारी लेने के बाद उन्होंने प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाकर शांत किया और फिर जेसीबी मंगाकर अवशेषों को दफन कराया। वही पुराना शहर के नवादा शेखान इलाके मे धर्मस्थल से सटे कूड़ा स्थल पर कुर्बानी के बाद जानवरों के अवशेष फेंके जाने का मामला सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया। घटना स्प्रिंगडेल स्कूल के पास की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने इसे धार्मिक भावनाओं से जुड़ा संवेदनशील मामला बताते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि धर्मस्थल के पास इस तरह अवशेष फेंके जाने से लोगों की आस्था आहत हुई है। लोगों के मुताबिक अवशेषों के कारण इलाके में गंदगी और दुर्गंध फैल गई, जिससे राहगीरों और आसपास रहने वाले परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इलाके के लोगों ने नगर निगम और प्रशासन की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में सफाई और निगरानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई। लोगों ने मांग की कि मौके की तत्काल सफाई कराकर अवशेषों का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण कराया जाए। साथ ही भविष्य में धार्मिक स्थलों के आसपास ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त निगरानी की व्यवस्था की जाए। बारादरी पुलिस ने नगर निगम को सूचना देकर सफाई कराने को कहा है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *