बरेली। तेज धूप से बीते चौबीस घंटे में तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस से अधिक बढ़ोतरी हुई है। पारा चढ़ने से दिन और रात में गर्मी के साथ ही उमस बढ़ गई है। शनिवार को दिन में अधिकतम तापमान 38.9 और रात में न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि अगले चार दिन तक तापमान में तेजी से इजाफा हो सकता है। शनिवार को सुबह से ही आसमान साफ रहा और तेज धूप निकली। इससे दिन के तापमान में इजाफा हुआ है। बीते दिनों हुई आंधी बारिश के बाद एक बार फिर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अतुल कुमार ने बताया कि अगले चार दिन तक दिन के तापमान में तेजी से बढ़ोतरी के आसार हैं। अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक जाने के आसार हैं। गर्मी और उमस का असर बढ़ सकता है। शनिवार को सुबह तेज धूप के साथ हुई। दोपहर में लोग छांव तलाशते दिखाई दिए। अधिकतम तापमान पांच डिग्री बढ़त के बाद सामान्य से एक डिग्री कम 38.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। शाम छह बजे के बाद तपिश कम हुई पर उमस हावी रही। न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर पर 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नमी का स्तर 85 फीसदी और हवा की गति 20-30 किमी प्रतिघंटे दर्ज की गई। अतुल ने कहा कि अगर मानसून की रफ्तार धीमी रही तो जून के दूसरे सप्ताह में उत्तर भारत में गर्मी और तीखी हो सकती है। कई स्थानों पर गर्म हवा के थपेड़ों से लेकर लू तक की स्थिति बनने की आशंका है। दिन समेत रात का तापमान भी सामान्य से अधिक हो सकता है।।
बरेली से कपिल यादव
