बरेली। मौसम ने करवट ली है और गुरुवार रात कई इलाकों में हवा के साथ बारिश हुई। बादल गरजने, बिजली चमकने के साथ बारिश रुक रुककर होती रही। मौसम विभाग ने तेज आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। अगले 5 दिन तक 80-90 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी, ओलावृष्टि का पूर्वानुमान है। गुरुवार को दिन के तापमान मे गिरावट दर्ज हुई। दिन में अधिकतम तापमान 37.1 और रात में न्यूनतम तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। गुरुवार को सुबह आसमान साफ रहा और धूप निकली। हवा चलने और धूप की तपिश कम होने की वजह से लोगों को गर्मी-उमस से थोड़ा राहत मिली। इससे दिन के तापमान मे करीब 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है और अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 4 डिग्री सेल्सियस कम रहा। रात में करीब 9 बजे से मौसम में बदलाव होने लगा। शाम से चल रही हवा की रफ्तार बढ़ गई। कई इलाकों में हल्की बारिश हुई जबकि कई जगह गर्जन के साथ तेज बारिश हुई। मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अतुल कुमार ने बताया कि अगले 5-6 दिन तक मौसम में उतार-चढ़ाव होगा। आंधी के साथ कई इलाकों में गर्जन के साथ बारिश के आसार हैं। करीब 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने के साथ ही ओलावृष्टि भी हो सकती है। इससे तापमान में भी गिरावट आएगी। दिन में अधिकतम तापमान 4-6 डिग्री सेल्सियस कम हो सकता है।।
बरेली से कपिल यादव
