अवैध खनन मे प्रयुक्त छह वाहन पकड़े, वाहन छीनने की कोशिश

नवाबगंज, बरेली। जनपद के थाना नवाबगंज क्षेत्र मे अवैध खनन में प्रयुक्त छह वाहनों को बुधवार रात राजस्व टीम ने पकड़ लिया। इस दौरान इन वाहनों के चालक भाग गए। कई अन्य वाहनों के चालक भी मय वाहन मौके से चंपत हो गए। बरामद वाहनों को कोतवाली में खड़ा कराया गया है। ग्रामीणों ने बताया कि इन दिनों खंजनपुर खंजनिया और सहोदरनगला गांव में बड़े पैमाने पर मिट्टी का अवैध खनन हो रहा है। कई बार जानकारी देने की कोशिश की मगर अधिकारी कॉल ही रिसीव नही करते। बुधवार रात भी एसडीएम और जिला खनन अधिकारी से मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया मगर दोनों ने ही कॉल रिसीव नही की। पुलिस से शिकायत करने पर कहा गया कि अवैध खनन पकड़ने का काम राजस्व विभाग का है। इसके बाद गांव वालों ने डीएम को कॉल की। डीएम ने शिकायत सुनने के बाद जिला खनन अधिकारी और एसडीएम को कार्रवाई के लिए कहा। डीएम से निर्देश मिलने के बाद एसडीएम ने राजस्व टीम को मौके पर भेजा। टीम ने तीन ट्रैक्टर, दो ट्रॉलियां और एक पट्टा वाली मशीन को पकड़ लिया। ग्रामीणों की मदद से सभी वाहनों को कोतवाली लाया गया। लेखपाल अर्जुन सिंह ने बताया कार्रवाई के दौरान माफियाओं ने टीम से जब्त की गई मशीन को छीनने की कोशिश की। हालांकि वह कामयाब नहीं हुए। टीम की सख्ती के बाद अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी भाग गए। एसडीएम उदित पंवार ने बताया कि बरामद सभी छह वाहनों को पुलिस की सुपुर्दगी में दिया गया है। रिपोर्ट बनाकर डीएम और जिला खनन अधिकारी को भेजी जा रही है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *