कंजादासपुर मे डीजे पर डांस को लेकर मचा बवाल, उपद्रवियों ने की फायरिंग-पथराव, कई घायल

बरेली। थाना इज्जतनगर के कंजादासपुर मे सगाई के एक कार्यक्रम मे डीजे बजाने को लेकर एक ही समुदाय के दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। दोनों ओर से करीब एक घंटे तक पत्‍थर और लाठी-डंडे चलते रहे। फायरिंग की भी सूचना है। इस संघर्ष में दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। एक बुजुर्ग की हालत गंभीर बताई जा रही है। हमलावरों ने 20 से 25 घरों में जमकर तोडफ़ोड़ करके क्षति पहुंचाई है। सूचना पर पुलिस मे हड़कंप मच गया। पुलिस अधिकारी कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। जहां पुलिस ने सर्च अभियान चलाकर घरों से 10 लोगों को हिरासत में ले लिया। पकड़े गए लोगो को इज्‍जतनगर पुलिस थाने ले जाया गया है। दोनों पक्षों की ओर से मामले को लेकर जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कराया गया है। मौके शांति व्‍यवस्‍था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। थाना इज्जतनगर क्षेत्र की चौकी बैरियर वन के गांव कंजादासपुर मे शुक्रवार की सुबह एक घर में सगाई का कार्यक्रम चल रहा था। इस मौके पर डीजे बज रहा था। कुछ लड़के डांस कर रहे थे। इसी बीच आसपास के कुछ लोगों ने डीजे बंद करने के लिए कहा। इसे लेकर वहां कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते दो गुट आमने-सामने आ गए। दोनों तरफ से लोग जमकर पथराव करने लगे। साथ ही लाठी-डंडे से भी एक-दूसरे पर हमला बोल दिया। पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। वीडियो में दोनों पक्ष के लोग एक-दूसरे पर पथराव और लाठी-डंडे से हमला करते दिख रहे हैं। लोगों ने एक-दूसरे के घरों पर भी जमकर पथराव किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उपद्रवियों की धरपकड़ कर मामले को किसी तरह शांत किया। मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। इस दौरान एक सिपाही के भाई ने तमंचे से कई फायर कर दहशत फैला दी। मारपीट और पथराव के दौरान करीब दो दर्जन लोग चोटिल हो गए। जिसमें वही के रहने वाले 56 वर्षीय बुजुर्ग मौसम खान गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। बवाल और घरों में तोडफ़ोड़ की सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस अधिकारी कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने क्षेत्र मे सर्च अभियान चलाकर घरों में छुपे कई लोगों को हिरासत में ले लिया। इस दौरान हमले में घायल हुए लोगों को जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया। इज्जतनगर इंस्पेक्टर केके वर्मा ने बताया कि कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। दोनों पक्षों की ओर से मामले को लेकर जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कराया गया है। आपको बता दें कि दो दिन पहले गांव के उमर खां पुत्र मतीन अहमद के बेटे की मंगनी थी। जिसमें सिपाही अहमद रजा का भाई आशिक बिना बुलाए अपने साथियों के साथ पहुंच गया था। जहां उसने मंगनी में मौजूद युवतियों पर फब्तियां कसी थी। इस दौरान लोगों ने इसका विरोध कर आशिक और उसके साथियों को मंगनी पार्टी से भगा दिया था। इसी को लेकर आशिक रंजिश मान रहा था। आशिक अपने सिपाही भाई की वजह से पूरी तरह बेलगाम है। वह अपने साथियों के साथ क्षेत्र में दबंगई करता घूमता है। शुक्रवार की सुबह भी हमले की पूरी स्क्रिप्ट आशिक ने ही लिखी थी और अपने साथियों के साथ हमला किया। हमले का मुख्य आरोपी सिपाही का भाई आशिक ने हमले के दौरान दहशत फैलाने को कई फायर किए और वह लगातार तमंचा लहराते रहा। आरोपी आशिक की तमंचा लहराते हुए वीडियो खूब वायरल हो रही है। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि मामले में दोनों तरफ से एफआईआर दर्ज की गई है। 10 लोगोंं को गिरफ्तार कर लिया गया है। वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। उन्‍होंने कहा कि तोड़फोड़ और पथराव में शामिल रहे किसी भी शख्‍स को बख्‍शा नहीं जाएगा। सख्‍त कार्रवाई होगी।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

किसी भी समाचार से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है।समाचार का पूर्ण उत्तरदायित्व लेखक का ही होगा। विवाद की स्थिति में न्याय क्षेत्र बरेली होगा।