SSP कार्यालय में रेप पीड़िता ने मिट्टी का तेल डालकर किया आत्मदाह का प्रयास

झांसी- एसएसपी कार्यालय में एक बलात्कार पीड़िता ने मिट्टी का तेल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। समय रहते उसे बचा लिया गया। पीड़िता का आरोप है कि पुलिस ने शिकायत पर उसकी कोई मदद नहीं की। बल्कि अभद्रता करते हुए उसे भगा दिया। वह न्याय पाने के लिए कई दिनों से थाने और अधिकारियों के चक्कर लगा रही थी। आज भी बिना मदद के उसे चलता कर दिया था।

नवाबाद थानान्तर्गत शिवाजी नगर में रहने वाली इस महिला की जनपद के चिरगांव में शादी हुई थी। महिला का कहना है कि दो वर्ष पहले से उसका पति से झगड़ा चल रहा है। जिस कारण अपने ढाई वर्षीय बच्चे के साथ अपने मायके में रह रही थी। इसी बीच उसकी पति के भांजे से मुलाकात हुई और उसने उसकी मदद करने का आश्वासन दिया। इतना ही नहीं शादी का आश्वासन देकर उसे मुम्बई चलने के लिए कहा। जिस पर वह तैयार हो गई। लगभग 20 दिन पहले आरोपी युवक उसको मुम्बई के लिए अपने साथ झांसी से ले गया। वह उसे मुम्बई न ले जाकर पानीपत ले गया। जहां युवक ने अपने दोस्त के घर में बंधक बनाकर उसके साथ कई दिनों तक बलात्कार किया। किसी प्रकार वह उसके चंगुल से बचकर भागी और झांसी आई। जहां उसने इसकी शिकायत नवाबाद थाने की पुलिस से करते हुए मामले से अवगत कराया। लेकिन पुलिस ने शिकायत को गम्भीरता से नहीं लिया। उसने इसकी शिकायत सम्बधित चौकी पुलिस से भी की। जहां अभद्रता करते हुए उसे भगा दिया गया। परेशान होकर वह एसएसपी कार्यालय भी गई। लेकिन वहां भी उसकी मदद नहीं की गई। आज भी वह शिकायत लेकर एसएसपी कार्यालय आई थी। जहां आश्वासन के अलावा कोई मदद नहीं मिली। जिससे परेशान होकर पीड़िता ने मिट्टी का तेल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया।
आनन फानन में पहुंचे पुलिसकर्मियों ने किसी प्रकार महिला को अपने काबू में किया और महिला पुलिस के सुपुर्द करके उसे कार्यवाही का आश्वासन दिया।

-उदय नारायण, झांसी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

किसी भी समाचार से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है।समाचार का पूर्ण उत्तरदायित्व लेखक का ही होगा। विवाद की स्थिति में न्याय क्षेत्र बरेली होगा।