बरेली। पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ शर्मा गुट के शिक्षकों ने केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार व शहर विधायक विधायक अरुण कुमार के माध्यम से प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में कहा कि सरकार की ओर से देश भर में 1 जनवरी 2004 से नयी पेंशन योजना (एनपीएस) लागू कर दी गई है। वही उत्तर प्रदेश में भी इस योजना को लागू कर दिया गया है। पदाधिकारियों ने कहा कि इस नयी पेंशन योजना से कर्मचारियों का भविष्य असुरक्षित है। मांग की कि राज्य सरकार अपने स्तर से पीएम से नयी पेंशन योजना को रद्द कर पुरानी पेंशन लागू करने की सिफारिश करे। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष डॉ नरेश सिंह ने कहा कि पुरानी पेंशन शिक्षकों व समस्त सरकारी कर्मचारियों के बुढ़ापे की लाठी है। यह हमारा अधिकार है इसलिए सरकार को पुरानी पेंशन बहाल करनी चाहिए। सांसद व विधायक ने शिक्षकों की बात पीएम व सीएम तक पहुंचाने की बात कही है। ज्ञापन देने वालों में नरहरि गुप्ता, सौरभ गुप्ता, सुनील शर्मा, डॉ नरेश चंद्र सक्सेना, रामानंद कोली, भारत भूषण यादव, आसिफ अली, मुनीश कुमार आदि मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
