वाराणसी- वर्ष 2019 के अंतिम दिन कलेक्ट्रेट के चार कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति पर उनका जिला मुख्यालय स्थित राइफल क्लब में सम्मान किया गया। समारोह में उपस्थित कलेक्ट्रेट के अधिकारियों,कर्मचारियों को सम्बोधित करते हुए जिलाधिकारी कौशलराज शर्मा ने सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों तथा उनके परिवारों के सुखमय जीवन की कामना की। उन्होंने सेवानिवृत्ति को जीवन का अंग बताते हुए उनके कार्यकाल के अनुभवों से नये कर्मचारियों को सीखने की सलाह दी।
जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने रिटायर्ड कर्मचारियों को अपने जीवन की दिनचर्या निर्धारित कर धार्मिक, सामाजिक तथा अन्य सेवाओं में व्यस्त रखने की सलाह दी जिससे आगे की दिनचर्या बनी रहे। उन्होंने प्रशासनिक कार्यों में कार्यकुशलता बढ़ाने हेतु पटल से सम्बंधित पूरी जानकारी रखने के लिए जीओ का अध्ययन करने के निर्देश दिए। उनका कहना था कि यदि हम आज का काम आज ही पूरा करने की प्रतिज्ञा के साथ कार्य करें तो आत्म संतुष्टि के साथ मानसिक रूप से तनाव नहीं महसूस करेंगे और जनता की सेवा बेहतर होगी। हम जनता के लिए काम करते हैं इसलिए इस नए वर्ष में यह प्रण लें कि किसी भी तरह जनता का काम न रुके, हम अपने पटल का कार्य उसी दिन निपटायें। इससे हमारे कलेक्ट्रेट की छवि भी बेहतर होगी। कार्य लम्बित रखना पूरे सिस्टम को प्रभावित करता है और दंड प्रक्रिया के डर से काम करना स्वस्थ्य प्रक्रिया नहीं है। उन्होंने कार्यकुशलता बढ़ाने के लिए ओरिएंटेशन कराये जाने का निर्देश देते हुए कहा कि फाइलों की नोटिंग, गाड फाइल बनाने, विभिन्न प्रकार के प्रपत्र बनाना जैसे अनेक डाक्युमेंट तैयार करने की सही जानकारी होना कार्य को गुणवत्तापूर्ण बनाता है।
उपस्थित सभी अधिकारियों,कर्मचारियों को नववर्ष पर हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए टीम भावना से काम करने की नसीहत दी। रिटायर होने वाले कर्मचारियों में वंशरोपण पाण्डेय, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, अरविन्द शर्मा, सुशील कुमार व मोहन यादव हैं। संचालन और धन्यवाद रिजवान के द्वारा किया गया। उक्त अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी सहित कलेक्ट्रेट के कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
रिपोर्टर:-महेश पाण्डेय