बाडमेर : चुनाव संबंधी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं आपसी समन्वय से पूर्ण करने के दिए निर्देश

राजस्थान/बाड़मेर- जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर चिन्मयी गोपाल ने पंचायतीराज आम चुनाव के मद्देनजर राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बाड़मेर का निरीक्षण कर चुनाव संबंधी विभिन्न व्यवस्थाओं और तैयारियों का जायजा लिया।

उन्होंने महाविद्यालय परिसर में प्रस्तावित स्ट्रांग रूम, काउंटिंग रूम,बैलेट यूनिट को तैयार करने, कंट्रोल यूनिट सीलिंग,मतदान दलों की रवानगी एवं वापसी तथा मतगणना से जुड़ी व्यवस्थाओं के संबंध में संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा की।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने महाविद्यालय परिसर का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पंचायतीराज निकाय आम चुनाव से संबंधित सभी व्यवस्थाएं आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयावधि में पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े प्रत्येक कार्य में समयबद्धता और सुव्यवस्थित प्रबंधन का विशेष ध्यान रखा जाए तथा संबंधित प्रकोष्ठ अपने दायित्वों के अनुरूप तैयारियों को समय रहते अंतिम रूप दें। उन्होंने कहा कि मतदान से पूर्व मतदान दलों की रवानगी तथा मतदान सम्पन्न होने के पश्चात उनकी वापसी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय से होगी। वहीं मतगणना की प्रक्रिया भी इसी परिसर में संपादित की जाएगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान दलों की रवानगी के दौरान टेंट, बैठक व्यवस्था, पार्किंग तथा माइक सहित आवश्यक व्यवस्थाओं के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने मतदान दलों की रवानगी एवं वापसी के दौरान आवागमन व्यवस्थित रखने तथा अधिकारियों एवं कार्मिकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो, इसके लिए संबंधित अधिकारियों को समन्वय के साथ आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

चिन्मयी गोपाल ने मतदान के पश्चात ईवीएम को सुरक्षित रखने के लिए प्रस्तावित स्ट्रांग रूम की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए सुरक्षा से संबंधित तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्ट्रांग रूम से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं तथा संबंधित अधिकारी अपने स्तर पर तैयारियों की नियमित समीक्षा करते रहें। उन्होंने काउंटिंग रूम की प्रस्तावित व्यवस्था का भी अवलोकन किया और मतगणना संबंधी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को सौंपे गए निर्वाचन संबंधी कार्यों की प्रगति की नियमित समीक्षा करने तथा उन्हें समय-समय पर कार्यों की अद्यतन स्थिति से अवगत करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभिन्न प्रकोष्ठों के मध्य प्रभावी समन्वय रखते हुए तैयारियों को निर्धारित समय में पूरा किया जाए, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया का सुचारु संचालन सुनिश्चित हो सके। इस दौरान रिटर्निंग अधिकारी एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी उपस्थित रहे ।

— राजस्थान से राजूचारण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *