बरेली। लोक आस्था के महापर्व छठ की छटा शनिवार को शहर के घाटों और घरों में देखते ही बनी। छठी मैया के पारंपरिक गीतों से रामगंगा चौबारी से लेकर इज्जतनगर और एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय परिसर तक का माहौल भक्तिमय हो उठा। कहीं परिवार के लोग मिलकर पूजा की वेदियां सजाते नजर आए तो कहीं महिलाएं छठी मैया के गीत गाते हुए दीपदान करती दिखीं। शनिवार को खरना की रस्म पूरी करने के साथ ही व्रती महिलाओं का 36 घंटे का निर्जला महाव्रत शुरू हो गया। रविवार शाम को व्रती महिलाएं अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करेंगी। खरना के साथ शुरू हुआ निर्जला व्रत: शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हुए छठ महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को व्रती महिलाओं ने सुबह स्नान कर खरना का संकल्प लिया। दिनभर निर्जला व्रत रखने के बाद शाम को मिट्टी के चूल्हे पर साठी के चावल और गुड़ की खीर तैयार की गई। केले के पत्ते पर प्रसाद रखकर विधि-विधान से पूजा की गई और परिवार के साथ खरना का प्रसाद ग्रहण किया। इसके बाद 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत शुरू हो गया। देर रात तक घरों और घाटों पर छठी मैया के पारंपरिक गीत गूंजते रहे। डाला सजाने में जुटे रहे : रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के लिए घरों में बांस की डलिया और दउरा में फल-फूल, नारियल तथा अन्य पूजन सामग्री सजाई गई। बाजारों में सूप, सुपली, चूल्हे, कलश, दीये व मिट्टी के हाथियों की खरीदारी होती रही। इज्जतनगर, राजेंद्र नगर और कर्मचारी नगर में छठ पूजा से जुड़े सामान की अस्थायी दुकानें सजी रही। परिवार के साथ सजाईं पूजा की वेदियां : रामगंगा चौबारी, इज्जतनगर स्थित शिव-पार्वती मंदिर और एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय परिसर में बनाए गए कृत्रिम सरोवरों पर श्रद्धालुओं ने पूजा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया। महिलाओं ने वेदियों को रंग-रोगन कर सजाया। व्रती महिलाओं के साथ परिवार के अन्य सदस्य भी तैयारियों में जुटे रहे। इज्जतनगर रेलवे कॉलोनी व रोड नंबर 7 में पूर्वांचल व बिहार के परिवारों की बड़ी संख्या के चलते इलाका मिनी बिहार जैसा नजर आया। भोजपुरी समाज के एसके पांडेय ने बताया कि गन्ने से मंडप सजाने की परंपरा भी छठ पूजा की खूबसूरती को और बढ़ाती है। रात्रि में कोसी (कोश्ती) पूजा श्रद्धा और उल्लास के साथ की जाती है। छठव्रती महिलाओं ने की खरना पूजा : मीरगंज। छठ महापर्व के दूसरे दिन छठव्रती महिलाओं ने खरना पूजा की। महिलाओं और पुरुषों ने शनिवार को पूरे दिन निर्जला व्रत रखा। शाम को सूर्यदेव और छठी मईया की पूजा अर्चना कर प्रसाद ग्रहण किया। खरना के प्रसाद में महिलाओं ने गुड़ की खीर, रोटी और फल अर्पित किए। छठव्रती 36 घंटे के निर्जला व्रत का संकल्प लिया। पूजा करने वालों ने छठी मैया से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली प्रदान करने की प्रार्थना की।।
बरेली से कपिल यादव
