रेलवे पुल के पास ट्रेन की चपेट में आने से 28 वर्षीय युवक की मौत

बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। शनिवार सुबह करीब सात बजे भाखड़ा नदी के रेलवे पुल के पास ट्रेन की चपेट में आने से 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक घर से रामपुर स्थित बैटरी फैक्ट्री मे मजदूरी करने जा रहा था। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान गांव निवासी सोवरन पुत्र रूपराम के रूप मे हुई। उनके भाई कृष्णपाल ने बताया कि सोवरन शनिवार सुबह गांव के छोटेलाल उर्फ जगन्नाथ और हरपाल के साथ काम पर जाने के लिए निकले थे। धनेटा रेलवे फाटक पहुंचने के बाद सोवरन अचानक रेलवे ट्रैक पर भाखड़ा नदी के पुल की ओर जाने लगे। साथियों ने उन्हें रोकने का प्रयास भी किया लेकिन वह यह कहकर आगे बढ़ गए कि अभी वापस आते है। इसी दौरान दिल्ली से बरेली की ओर आ रही डाउन लाइन की सवारी ट्रेन की चपेट मे आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी अनीता देवी, बेटी साक्षी और छोटे बेटे प्रशांत को छोड़ गए है। पिता रूपराम, मां रुक्मणि देवी और पत्नी सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सीओ हाईवे देवेश सिंह ने बताया कि फतेहगंज पश्चिमी पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *