बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। कस्बे के रबर फैक्ट्री मैदान मे चल रहे चेयरमैन क्रिकेट कप के तीसरे दिन दो रोमांचक मुकाबले खेले गए। दोनों मैचों में अगरास क्लब और केसरपुर क्रिकेट टीम ने जीत दर्ज की। पहला मुकाबला सनी सिंह की बरेली रॉयल और नफीश अहमद की अगरास क्लब के बीच हुआ। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बरेली रॉयल ने 10 ओवर में 30 रन बनाए। जवाब में अगरास क्लब ने आठ विकेट गंवाकर 32 रन बनाते हुए मुकाबला जीत लिया। चार विकेट लेने वाले उबैश को मैन ऑफ द मैच चुना गया। दूसरे मुकाबले मे अजय रावत की रावत क्रिकेट अकादमी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 66 रन बनाए। अजय रावत ने दो चौके और छक्के जड़ते हुए 35 रन का योगदान दिया। जवाब में केसरपुर क्रिकेट टीम ने 67 रन बनाकर जीत हासिल की। पांच विकेट लेने वाले रानिक को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। इस दौरान रानिक के पिता महर सिंह ने बताया कि वह डायल 112 में तैनात है जबकि उनकी मां पुष्पा देवी थाना फतेहगंज पश्चिमी मे कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें बचपन से क्रिकेट का शौक रहा है, लेकिन अपना सपना पूरा नहीं कर सके। अब बेटे को क्रिकेट में आगे बढ़ाने के लिए पूरा सहयोग करेंगे। इस मौके पर ईओ पुष्पेंद्र सिंह राठौर, हारून चौधरी, हसनैन अंसारी, रिजवान, कासिम, विक्की, पंकज, विक्की भारती, उदय कुमार, जयबाबू भारती, उपदेश कुमार, मुनीश कुमार, अनमोल गुर्जर और अभिषेक पटेल सहित बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
