धान खरीद की शर्तों पर भड़के किसान, गन्ने का भाव 600 रुपये करने की मांग

बरेली। किसान एकता संघ ने धान खरीद में फार्मर रजिस्ट्री और सैटेलाइट सर्वे की अनिवार्यता खत्म करने समेत कई मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। किसानों ने गन्ने का मूल्य 600 रुपये प्रति क्विंटल करने और नवाबगंज तहसील के सहदपुर सरौरा में नया गन्ना क्रय केंद्र खोलने की मांग उठाई। कलेक्ट्रेट में मंगलवार को किसान एकता संघ के बैनर तले किसानों ने धान खरीद की जटिल शर्तों और गन्ना किसानों की समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया। हाथों में गन्ना लेकर पहुंचे किसानों ने सरकार के खिलाफ आवाज उठाई और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। किसानों ने फार्मर रजिस्ट्री और सैटेलाइट एग्रीकल्चर सर्वे की अनिवार्यता समाप्त कर पूर्व की तरह सरल धान खरीद व्यवस्था लागू करने की मांग की। किसान एकता संघ के राष्ट्रीय संगठन मंत्री एवं किसान नेता डॉ. रवि नागर ने कहा कि प्रदेश सरकार की मौजूदा धान खरीद नीति में फार्मर रजिस्ट्री और सैटेलाइट सर्वे की अनिवार्यता किसानों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। हजारों किसानों की पूरी कृषि भूमि की फार्मर रजिस्ट्री नहीं हो पाई है। वहीं, तकनीकी खामियों के चलते सैटेलाइट सर्वे का विवरण भी पोर्टल पर सही तरीके से दर्ज नहीं हो रहा है। इससे किसान धान बेचने के लिए परेशान हैं। उन्होंने कहा कि धान की तौल के बाद चारों तौल मजदूरों के अंगूठे के निशान लेने की अनिवार्यता से भी खरीद प्रक्रिया जटिल हो रही है। सरकार को इन बाध्यताओं को समाप्त कर पहले की तरह सरल और पारदर्शी व्यवस्था लागू करनी चाहिए। उन्होंने खाद, बीज, डीजल, कीटनाशक, सिंचाई और मजदूरी की बढ़ती लागत का हवाला देते हुए गन्ने का मूल्य 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग की। किसानों ने नवाबगंज तहसील के सहदपुर सरौरा गांव में नया गन्ना क्रय केंद्र स्थापित करने की मांग भी उठाई। उनका कहना था कि क्षेत्र के किसान लंबे समय से इस केंद्र की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक समाधान नहीं हुआ है। प्रदर्शन में राष्ट्रीय सचिव यज्ञ प्रकाश गंगवार, प्रदेश अध्यक्ष युवा मोर्चा पंडित राजेश शर्मा, मंडल उपाध्यक्ष गिरीश गोस्वामी, मंडल महासचिव डॉ. अंशु भारती, जिला प्रवक्ता सुरेंद्र तिवारी, जिला मीडिया प्रभारी संजय पाठक, जिला सचिव घनश्याम गुर्जर, राम गौतम, राजेंद्र खलीफा, वीरेश भगत, खेतल सिंह गुर्जर, प्रेमपाल गंगवार, लोकपाल, हरदयाल, वेद प्रकाश, शालिग्राम, धनपाल मौर्य, आनंदपाल, वीरेंद्र सिंह, हरिशंकर, मानसिंह, हुलासी राम, देवपाल गंगवार, सोनू गंगवार और बृज बिहारी समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *