डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य बोले- 2027 में सपा की साइकिल पंचर कर सैफई भेजने का काम करें

बरेली। भाजपा की ओर से मंगलवार को आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में पार्टी के दिग्गज नेताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में जोश भरा। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) पर निशाना साधते हुए 2027 के विधानसभा चुनाव में हर बूथ पर कमल खिलाने का आह्वान किया। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि 2027 में कांग्रेस का कोई अता-पता नहीं है, लेकिन कांग्रेस की बैसाखी बनी सपा की साइकिल को पंचर करके सैफई भेजने का काम करना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में गुंडागर्दी और माफियाराज को दोबारा नहीं लौटने देना है। उन्होंने विपक्ष पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार का तख्तापलट करने की कोशिश करने का आरोप लगाया। कार्यकर्ताओं से सवाल किया कि क्या वे ऐसा होने देंगे? इस पर कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में जवाब दिया-नहीं। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश की जनता कांग्रेस और सपा का ही तख्तापलट कर देगी। विपक्ष के वोट चोरी के आरोपों पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतंत्र, संविधान और जनता के जनादेश पर भरोसा करती है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने सरदार पटेल के बजाय जवाहरलाल नेहरू के प्रधानमंत्री बनने और इंदिरा गांधी के चुनाव को लेकर पुराने राजनीतिक घटनाक्रमों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इलाहाबाद हाईकोर्ट के फैसले के बाद देश में आपातकाल लगाया गया था। उपमुख्यमंत्री ने कांग्रेस को वोट चोर और समाजवादी पार्टी पर बूथ कब्जाने का आरोप लगाया। पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस पर भी निशाना साधा। अंत में उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि 2027 के चुनाव में सभी मतभेद भुलाकर प्रत्येक बूथ पर कमल खिलाने के लिए जुट जाएं। जहां एनडीए के सहयोगी दलों के प्रत्याशी हों, वहां उन्हें जिताने का काम करें। इससे पहले उन्होंने ब्रज क्षेत्र की पदयात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और विशिष्ट अतिथि केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी का स्वागत-अभिनंदन किया। मंच पर क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरन लाल लोधी, क्षेत्रीय प्रभारी गीता शाक्य, मंत्री सुरेश खन्ना, धर्मपाल सिंह, डॉ. अरुण कुमार, महापौर डॉ. उमेश गौतम, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि सिंह, सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, नवनिर्वाचित राज्यसभा सदस्य श्रुति गंगवार समेत पार्टी के जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी मौजूद रहे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *