मुख्यमंत्री ने जोधपुर में सरदार राजकीय संग्रहालय का अवलोकन किया

जोधपुर/राजस्थान। मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने जोधपुर के उम्मेद उद्यान स्थित सरदार राजकीय संग्रहालय का अवलोकन किया। वे यहाँ करीब डेढ़ घंटे तक रहीं और यहाँ किए गए नवीनीकरण तथा विस्तार कार्यों की सराहना की।

श्रीमती राजे ने कहा कि यह एक वर्ल्ड क्लास संग्रहालय है। पर्यटकों के लिए कड़ी मेहनत से तैयार इस म्यूज़ियम का डिस्प्ले आकर्षक और आधुनिक है। उन्होंने कहा कि राजकीय संग्रहालयों में यह संग्रहालय विशेष रूप से आकर्षक रहेगा, जिसमें सोलर एनर्जी का उपयोग करके ऑडियो विजुअल, टचस्क्रीन तथा उनके एप्स बनाए गए हैं। पूरी तरह तैयार हो जाने के बाद इस संग्रहालय का कोई सानी नहीं रहेगा।

मुख्यमंत्री ने म्यूज़ियम की लघु चित्र दीर्घा, राजाओं के चित्रों की दीर्घा, शस्त्र एवं शस्त्रागार दीर्घा, शिकार एवं प्रकृति दीर्घा, सजावटी कला दीर्घा, वनस्पति दीर्घा, मूर्तिकला दीर्घा, जैन कला दीर्घा, मानचित्र एवं साम्राज्य दीर्घा में कलात्मक धरोहरों को रूचि से देखा और सराहना की। दीर्घाओं के डिज़ाइनर श्री सिद्धार्थ दास ने मुख्यमंत्री को दीर्घाओं की जानकारी दी।

उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार की 2015-16 की बजट घोषणा के तहत सरदार राजकीय संग्रहालय का नवीनीकरण एवं विस्तार किया गया है।

इस अवसर पर केन्द्रीय विधि एवं न्याय राज्यमंत्री पीपी चौधरी, केन्द्रीय कृषि राज्यमंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, प्रदेश के वन एवं पर्यावरण मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर तथा महापौर घनश्याम ओझा भी उपस्थित थे।
– राजस्थान से दिनेश लूणिया की रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *