योजनाओं की जानकारी देने को पांच दिवसीय शिविर शुरू, विभागों ने लगाए स्टॉल

बरेली/ फतेहगंज पश्चिमी। सेवा संकल्प अभियान के तहत सोमवार को ब्लॉक परिसर में पांच दिवसीय शिविर का शुभारंभ हुआ। शिविर में केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाए। पहले दिन बड़ी संख्या में ग्रामीण शिविर में पहुंचे और योजनाओं की जानकारी लेने के साथ अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखी। मुख्य अतिथि मीरगंज विधायक डॉ. डीसी वर्मा और एमएलसी बहोरन लाल मौर्य ने आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों का अन्नप्राशन कराया और उन्हें खीर खिलाई। इसके साथ ही गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म कराई गई। मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को आवास प्रमाण पत्र वितरित किए गए। समाज कल्याण विभाग की ओर से मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के लाभार्थियों को 20-20 हजार रुपये के चेक और विवाह प्रमाण पत्र दिए गए। शिविर में शिक्षा, आंगनबाड़ी, कृषि, सिंचाई, खाद्य एवं रसद, राजस्व, स्वास्थ्य, विद्युत और नगर पंचायत के टैक्स विभाग समेत विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए। अधिकारियों और कर्मचारियों ने ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले लाभों की जानकारी दी। इसी दौरान एक ग्रामीण ने एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह से आवास योजना का लाभ नही मिलने की शिकायत की। ग्रामीण ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन करने के साथ सभी जरूरी दस्तावेज जमा करने के बावजूद उसे आवास नही मिला है। एडीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के तत्काल निर्देश दिए। इस दौरान नोडल सचिव संजय कुमार, एसडीएम मीरगंज निधि शुक्ला, बीडीओ हरशेंदर कुमार, एडीओ पंचायत लोकमान सिंह, ईओ पुष्पेंद्र सिंह राठौर, एसडीओ विद्युत अंकित द्विवेदी, राजेश कुमार, सचिव हर्ष चौहान, पीयूष कांत गौतम, भाजपा मंडल अध्यक्ष कैलाश शर्मा, गन्ना समिति अध्यक्ष तेजपाल फौजी समेत भाजपा कार्यकर्ता और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *