बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। कस्बे के मुख्य बाजार स्थित मोनिका ज्वेलर्स मे सोमवार सुबह ग्राहक बनकर पहुंचे युवक ने सर्राफ को चकमा देकर सोने की अंगूठी उड़ा दी। वारदात के बाद युवक भाग निकला। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने व्यापारी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। मोहल्ला साहूकारा निवासी प्रहलाद अग्रवाल की मुख्य बाजार मे मोनिका ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। सोमवार सुबह करीब 11 बजे वह अपने बेटे अंकित अग्रवाल के साथ दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान एक युवक अंगूठी खरीदने के बहाने दुकान पर पहुंचा। अंकित ने उसे कई अंगूठियां दिखाई। इसी बीच फोन आने पर अंकित किसी काम से घर चले गए। आरोप है कि दुकान पर प्रहलाद अग्रवाल के अकेले रह जाने का फायदा उठाकर युवक ने एक अंगूठी पहन ली और दुकान से बाहर निकल गया। दुकानदार ने आवाज देकर उसे रोकने का प्रयास किया तो वह दौड़कर भागने लगा। शोर सुनकर आसपास के लोगों ने उसका पीछा किया, लेकिन वह गलियों मे जाकर आंखों से ओझल हो गया। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी आदेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार और सीओ हाईवे देवेश सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। पुलिस ने दुकान मे लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जिसमें आरोपी वारदात के बाद भागता हुआ दिखाई दे रहा है। व्यापार मंडल अध्यक्ष आशीष अग्रवाल के नेतृत्व में व्यापारियों ने पुलिस अधिकारियों से जल्द घटना का खुलासा करने और मुख्य बाजार मे पुलिस पिकेट तैनात किए जाने की मांग की। सीओ हाईवे देवेश सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और तलाश की जा रही है। युवक ने इससे पहले किसी अन्य दुकान पर भी लेनदेन किया है। उसकी जानकारी जुटाई जा रही है।।
बरेली से कपिल यादव
