चिटौली मे फेरीवाले के घर ईडी का छापा, खाते मे रकम के लेनदेन की हो रही पड़ताल

बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। थाना क्षेत्र के गांव चिटौली मे फेरी लगाकर गुजरबसर करने वाले पोशाकी लाल मौर्य के घर बुधवार सुबह करीब पांच बजे ईडी की टीम ने छापेमारी की। कड़ी सुरक्षा में सुबह से देर रात खबर लिखे जाने तक घर के सदस्यों से पूछताछ जारी रही। बताया जा रहा है कि पोशाकी लाल के बैंक खाते मे हुए बड़े धनराशि के लेनदेन ने ईडी का ध्यान खींचा है। देर रात तक कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई। जानकारी के मुताबिक ईडी की टीम सुबह जब पहुंची तो उस समय पोशाकी लाल घर पर मौजूद नहीं थे। टीम ने ग्राम प्रधान अनुज सिंह के माध्यम से उन्हें घर बुलवाया। उनके पहुंचने के बाद अधिकारी घर के अंदर गए और मुख्य दरवाजा बंद कर लिया। जांच के दौरान परिवार के सदस्यों को बाहर आने की अनुमति नही दी गई। ग्राम प्रधान ने टीम के अधिकारियों से कार्रवाई की वजह जानने का प्रयास किया लेकिन अधिकारियों ने जांच के संबंध में कोई जानकारी देने से इनकार कर दिया। पोशाकी लाल गांव में फेरी लगाकर कपड़े बेचते हैं। इसके अलावा घर पर छोटी परचून की दुकान भी चलाते हैं। उनके दोनों बेटे परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र की एक निजी कंपनी मे मजदूरी करते है। ऐसे परिवार के घर अचानक ईडी की टीम पहुंचने की खबर से चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। सूत्रों के मुताबिक ईडी की जांच का केंद्र पोशाकी लाल का बैंक खाता है। बताया जा रहा है कि खाते में बड़ी धनराशि के लेनदेन सामने आए हैं। टीम का एक सदस्य भी खाते में बड़ी रकम के लेनदेन से संबंधित जांच की बात कह चुका है। जानकारी के अनुसार पोशाकी लाल का एक रिश्तेदार दिल्ली में रहता है और खाते मे बड़ी रकम उसी की ओर से भेजे जाने की बात सामने आ रही है। हालांकि इसकी स्वतंत्र या आधिकारिक पुष्टि नही हुई है। ईडी यह पता लगाने मे जुटी है कि खाते में कितनी रकम कब और किसके खाते से आई। रकम के स्रोत और पोशाकी लाल से उसके संबंधों की भी जांच की जा रही है। ईडी की कार्रवाई को लेकर स्थानीय थाना पुलिस का कहना है कि उसे छापेमारी के संबंध में कोई लिखित सूचना नही दी गई थी। उधर, सुबह से देर रात तक कार्रवाई चलने के कारण गांव मे लोगों की आवाजाही और चर्चाएं बनी रही। ईडी की ओर से आधिकारिक बयान जारी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बैंक खाते में हुए लेनदेन की वास्तविक प्रकृति क्या है और जांच किस मामले के सिलसिले में की जा रही है। फिलहाल टीम की कार्रवाई जारी रहने के कारण परिवार और ग्रामीण इस मामले में किसी आधिकारिक जानकारी का इंतजार कर रहे है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *